बागपत सड़क हादसे में मृतकों की संख्या 12 पहुंची, सीएम योगी ने जताया दुख, सहायता राशि का ऐलान

बागपत सड़क हादसे में मृतकों की संख्या 12 पहुंची, सीएम योगी ने जताया दुख, सहायता राशि का ऐलान
बागपत जिले में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। हादसे में घायल हुए कई लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि 12 घायल अभी भी गंभीर हालत में विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

बागपत, 7 सितंबर (आईएएनएस)। बागपत जिले में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। हादसे में घायल हुए कई लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि 12 घायल अभी भी गंभीर हालत में विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

जानकारी के अनुसार, राजस्थान से दर्शन कर श्रद्धालुओं का एक ग्रुप पिकअप वाहन से बदायूं लौट रहा था। इसी दौरान देर रात ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद वाहन पलट गया, जिससे उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बागपत पुलिस के मुताबिक, 6 और 7 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे डायल-112 के माध्यम से थाना खेकड़ा क्षेत्र में एक वाहन के डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित होकर पलटने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही चार पीआरवी, एम्बुलेंस सेवा और थाना खेकड़ा पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।

पुलिस ने बताया कि हादसे में करीब 24 लोग घायल हुए थे, जिनमें कई की हालत गंभीर थी। घायलों को तत्काल सीएचसी खेकड़ा, सीएचसी बागपत और जिला अस्पताल बागपत भेजा गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। अब तक इस दुर्घटना में 12 लोगों की मौत हो चुकी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, "जनपद बागपत में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।"

सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।

वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि बागपत में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि मृतकों और घायलों के परिजनों से संपर्क स्थापित कर उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही घटना के कारणों की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह हादसा प्रदेश के हालिया बड़े सड़क हादसों में शामिल है, जिसमें एक साथ 12 लोगों की जान चली गई। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य के साथ घायलों के इलाज पर लगातार नजर बनाए हुए है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Sept 2026 6:48 PM IST

Tags

Next Story