हावड़ा में भाजपा-तृणमूल समर्थकों के बीच हिंसक झड़प, एक कार्यकर्ता की मौत, तीन घायल
कोलकाता, 18 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले की आंटिला ग्राम पंचायत के पाइकपाड़ा इलाके में भाजपा और तृणमूल समर्थकों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त है। घटना में एक भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद आंटिला ग्राम पंचायत के उपप्रधान शेख मफिजुल इस्लाम क्षेत्र छोड़कर चले गए थे। गुरुवार रात उनके इलाके में लौटने की खबर फैलने के बाद लगभग 8 से 10 भाजपा कार्यकर्ता बाइक से उनके घर के सामने पहुंचे और घेराव किया। आरोप है कि इसके बाद उपप्रधान के समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता प्रशांत दे (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उलूबेड़िया महकमा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में तीन अन्य भाजपा कार्यकर्ता भी घायल हुए हैं।
सूचना मिलते ही बागनान थाने की पुलिस, केंद्रीय बल के जवान तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस पिकेट तैनात कर दी गई है। हावड़ा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि, उपप्रधान शेख मफिजुल इस्लाम समेत कुछ आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
भाजपा ने आरोप लगाया कि उपप्रधान के नेतृत्व में तृणमूल समर्थकों ने क्षेत्र में भय का माहौल बनाया था। वहीं, राज्य के मंत्री उमेश राय ने कहा कि घटना में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों में कानून का डर हो।
हत्या की घटना के बाद मृतक प्रशांत डे के परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिवार के सदस्यों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उन्हें फांसी की सजा दिए जाने की अपील की है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि घटना वाली रात जब प्रशांत डे काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिवार के लोग लगातार उन्हें फोन कर संपर्क करने का प्रयास करते रहे। शुरुआत में फोन का जवाब नहीं मिला, लेकिन बाद में फोन उठाने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर कहा कि उनके परिजन की हत्या कर दी गई है और आकर शव ले जाने को कहा। यह खबर सुनते ही परिवार में मातम और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
परिजनों के अनुसार, सूचना मिलने के बाद वे आसपास के लोगों को साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। देर रात पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके।
घटना के बाद परिवार के सदस्यों ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके परिजन को बुलाकर योजनाबद्ध तरीके से हत्या की गई।
मृतक के परिवार ने राज्य सरकार और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराने की मांग की है। साथ ही मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की अपील की है।
पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना में हावड़ा ग्रामीण पुलिस के उच्च पदस्थ अधिकारी ने फोन पर जानकारी दी कि अब तक कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल पर पुलिस और सेंट्रल फोर्स को मौजूद रखा गया ताकि किसी भी तरह की कोई और अप्रिय घटना ना घटे।
वहीं, मामले को लेकर पुलिस द्वारा सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। इस घटना में मूल अभियुक्त मुफिजूल अब तक फरार हैं, लेकिन उनके सहयोगी जो खास तीन लोग थे, उनके साथ और पांच, कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। फरार अभियुक्त का किसी पार्टी के साथ कोई संपर्क है या कि नहीं, पुलिस द्वारा उसके राजनीतिक संपर्क के बारे में जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि जांच के बाद ही और सटीक जानकारी प्राप्त होगी। शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। बाद में उन्हें परिवार को सौंप दिया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 Jun 2026 8:01 PM IST












