बालाघाट में विद्यार्थियों ने नशे से दूरी का संकल्प लेकर बनाया कीर्तिमान
भोपाल , 31 जुलाई (आईएएनएस ) मध्य प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत बालाघाट जिले में सवा लाख स्कूली विद्यार्थियों ने एक साथ नशा मुक्ति की शपथ लेकर विश्व कीर्तिमान बनाया है । राज्य में नशे के खिलाफ नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान चलाया जा रहा है। बालाघाट पुलिस ने अभियान के दौरान आयोजित एक मिनट के नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम के माध्यम से जनभागीदारी का नया कीर्तिमान स्थापित किया।
इस कार्यक्रम में जिले के 1204 विद्यालयों के लगभग 1 लाख 25 हजार विद्यार्थियों ने एक साथ नशे से दूर रहने एवं समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही पांच लाख से अधिक नागरिकों ने ऑनलाइन माध्यम से अभियान से जुड़कर नशामुक्ति के इस जनआंदोलन में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स , लंदन ने इसे विश्व रिकॉर्ड के रूप में मान्यता प्रदान करते हुए सर्टिफिकेट ऑफ़ एक्सीलेंस से सम्मानित किया है।
दरअसल राज्य में नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश पुलिस नशामुक्ति शपथ, जनजागरूकता रैलियां, संवाद कार्यक्रम, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताएं निरंतर संचालित कर रही है। अभियान का उद्देश्य समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण में सहभागी बनाना है।
इससे पहले इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने 1 लाख 75 हजार 451 नागरिकों को एक साथ नशामुक्ति की ई-शपथ दिलाकर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया था। बड़वानी पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में आयोजित चित्रकला एवं स्लोगन लेखन गतिविधियों के माध्यम से 16 हजार 700 ड्राइंग शीट्स पर नशामुक्ति का संदेश अंकित कराया गया, जिसके लिए वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन ने बड़वानी पुलिस को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। बुरहानपुर पुलिस ने भी संदेश लिखने का कीर्तिमान बनाया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 July 2026 6:46 PM IST












