सिवनी न्यूज: समय पर एंबुलेंस नहीं मिली, युवक की मौत , स्टेट हाईवे पर शव रखकर किया प्रदर्शन

समय पर एंबुलेंस नहीं मिली, युवक की मौत , स्टेट हाईवे पर शव रखकर किया प्रदर्शन
घंसौर की घटना, शाम को आश्वासन पर माने लोग

भास्कर न्यूज़, सिवनी घंसौर के सिविल अस्पताल में शुक्रवार सुबह उस समय हंगामा मच गया जब एक युवक की मौत हो गई। परिजनों ने एंबुलेंस समय पर नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए सिवनी-मंडला स्टेट हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरु कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची। काफी समझाइश के बाद भी लोग नहीं माने और बीएमओ पर कार्रवाई और एंबुलेंस सुविधा की मांग पर अड़े रहे। शाम करीब छह बजे आश्वासन पर लोग मान गए।

ये है मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार पटरी गांव निवासी रामचरण (२२) पिता रामदयाल नेताम की तबियत खराब होने पर परिजन उसे सुबह सुबह करीब ६ बजे घंसौर अस्पताल लेकर आए थे। यहां पर परिजन उसे रेफर करने की मांग करते रहे ताकि बेहतर इलाज उपलब्ध हो पाए। रामचरण को रेफर किया गया, लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं मिली। परिजन काफी देर तक एंबुलेंस का इंतजार करते रहे। करीब आधे घंटे बाद उसकी मौत हो गई। प्रदर्शन के चलते दोनों और वाहनों की कतार लग गई थी।

जर्जर हो चुकी है एंबुलेंस

जानकारी के अनुसार घंसौर की १०८ एंबलेंस जर्जर अवस्था में है। एंबुलेंस की स्थिति ठीक नहीं है। बताया गया कि वाहन खराब होने के कारण उपलब्ध नहीं हो पाया था। वहीं वैकल्पिक रूप से दूसरा वाहन भी नही था। लोगों के आक्रोश के बाद मृतक के परिजन को सहायता राशि दी गई और एंबुलेंस व्यवस्था का आश्वासन दिया गया।


Created On :   31 July 2026 7:15 PM IST

Tags

Next Story