बिहार के मखाना को मिली वैश्विक पहचान; निर्यातकों ने बताया प्रदेश के लिए गर्व का क्षण, सरकार का जताया आभार
पूर्णिया, 31 जुलाई (आईएएनएस)। हाल ही में भारत ने बिहार के प्रसिद्ध मखाना (फॉक्स नट्स) का 7 मीट्रिक टन का पहला समुद्री निर्यात कनाडा के लिए रवाना किया है। यह उपलब्धि बिहार के प्रीमियम कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने और भारत के मूल्यवर्धित कृषि निर्यात को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मखाना निर्यातक मनीष कुमार ने खुशी जाहिर करते हुए समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि जहां तक रोस्टेड मखाना की बात है, हमने सबसे पहले पूर्णिया की धरती से उसका निर्यात किया था। उस पर माननीय केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी ट्वीट किया था। अब यह जानकर खुशी हो रही है कि दरभंगा से साधारण मखाना का निर्यात हुआ है। हर काम धीरे-धीरे ही आगे बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि यह बिहार के लिए गर्व की बात है कि हमारी सरकार युवाओं को अच्छा माहौल दे रही है। हम लोगों ने पूर्णिया से समुद्री मार्ग के जरिए दुबई को मखाना निर्यात किया था और अब दरभंगा से भी निर्यात हो रहा है। इसके लिए मैं भारत सरकार का बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं। आप लोग इसी तरह युवाओं की मदद करते रहें। फ्लेवर्ड और रोस्टेड मखाना जैसे वैल्यू-एडेड उत्पादों का निर्यात भी लगातार बढ़ता रहे, यही मेरी आशा है। इसके लिए मैं भारत सरकार और बिहार सरकार दोनों का धन्यवाद करता हूं।
हाल ही में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि बिहार के किसानों के लिए एक और बड़ी उपलब्धि...। एपीईडीएडीओसी के प्रयासों से दरभंगा से पहली बार समुद्री मार्ग के माध्यम से सात मीट्रिक टन फ्लेवर्ड मखाना का निर्यात कनाडा के लिए किया गया।
उन्होंने पोस्ट में लिखा कि वैश्विक बाजार तक पहुंच के इस प्रयास से जुड़े किसानों को 50 प्रतिशत से अधिक बेहतर मूल्य प्राप्त हो रहा है। साथ ही, बिहार के प्रीमियम मखाना की पहचान अब दुनियाभर के उपभोक्ताओं में हो रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 July 2026 7:26 PM IST












