बांदा में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बाढ़ प्रभावितों में बांटी राहत सामग्री, बोले-संकट की घड़ी में यूपी सरकार जनता के साथ

बांदा में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बाढ़ प्रभावितों में बांटी राहत सामग्री, बोले-संकट की घड़ी में यूपी सरकार जनता के साथ
उत्तर प्रदेश के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने रविवार को बांदा में अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री और सहायता राशि का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार संकट की घड़ी में हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।

बांदा, 13 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने रविवार को बांदा में अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री और सहायता राशि का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार संकट की घड़ी में हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।

राहत वितरण कार्यक्रम के दौरान दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि उन्हें बांदा के प्रभारी मंत्री के रूप में जिले के विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। वह नियमित रूप से जिले का दौरा कर विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि हालिया समीक्षा में अधिकांश विभागों की प्रगति संतोषजनक पाई गई है और सरकार की योजनाएं लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच रही हैं।

अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का जिक्र करते हुए दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि कई गांवों में बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ था, जिसके बाद प्रशासन ने राहत कार्य शुरू किए। प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है ताकि वे जल्द सामान्य जीवन में लौट सकें। उन्होंने कहा कि लोगों के दुख-दर्द में सहभागी बनना सरकार का दायित्व है और इसी भावना के तहत सहायता पहुंचाई जा रही है।

विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बांदा में उन्हें कहीं भी भ्रष्टाचार दिखाई नहीं देता और स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप निराधार हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि संभव है अखिलेश यादव को भाजपा सरकार के दौरान ही भ्रष्टाचार दिखाई देता हो, जबकि अपनी सरकार के समय की स्थितियां नजर नहीं आती हों।

दिनेश प्रताप सिंह ने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार और अपराध मुक्त राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार की स्पष्ट नीति है कि भ्रष्टाचार या अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंत्री ने भरोसा दिलाया कि बांदा के जिलाधिकारी से लेकर पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारी प्रभावित परिवारों की मदद के लिए लगातार काम कर रहे हैं। सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पीड़ित परिवार को राहत और पुनर्वास के मामले में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की और कहा कि राज्य सरकार हर जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों के शीघ्र सामान्य जीवन में लौटने की कामना करते हुए प्रशासन को राहत कार्यों में पूरी संवेदनशीलता के साथ जुटे रहने के निर्देश दिए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 Sept 2026 7:27 PM IST

Tags

Next Story