विमेंस एशिया कप फाइनल में भारत ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी, प्रतिका की जगह कमलिनी को मौका
दुबई, 13 सितंबर (आईएएनएस)। विमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत की भिड़ंत श्रीलंका के साथ हो रही है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
टॉस जीतने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, "हम पहले बैटिंग करेंगे। यह हमारे लिए बहुत अहम मैच है, हमें बोर्ड पर अच्छा स्कोर खड़ा करना होगा। हर फाइनल अहम होता है, दबाव भी होता है, लेकिन हमें अच्छा क्रिकेट खेलना है। हमारी टीम में एक बदलाव है, प्रतिका आराम कर रही हैं और कमलिनी खेल रही हैं।" प्रतिका का टूर्नामेंट में अब तक प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था और इसी कारण उनकी जगह पर विकेटकीपर-बल्लेबाज कमलिनी को मौका दिया गया है।
टॉस हारने के बाद श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करना चाहते थे। एक देश के तौर पर हमें लगातार बेहतर होते रहना होगा और पॉजिटिव क्रिकेट खेलना होगा। हमारी टीम में एक बदलाव भी है। हमें कुछ अनुभव चाहिए था। उनके पास अच्छे बल्लेबाज हैं, इसलिए शुरुआती छह ओवर बहुत अहम हैं। विष्मी गुणरत्ने संजना कविंदी की जगह खेल रही हैं।"
भारतीय टीम का प्रदर्शन टूर्नामेंट में अब तक शानदार रहा है। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम ने अजेय रहते हुए फाइनल में जगह बनाई है। बल्लेबाजी में स्मति मंधाना और शेफाली वर्मा का प्रदर्शन दमदार रहा है। शेफाली 4 मुकाबलों में 169 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 168 रन बना चुकी हैं, तो मंधाना ने एक शतक के साथ 4 मुकाबलों में 154 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा, श्री चरणी और प्रेमा रावत का जादू खूब चला है। दीप्ति 11 विकेट निकाल चुकी हैं, जबकि चरणी ने 8 विकेट निकाले हैं।
दूसरी ओर, श्रीलंका का प्रदर्शन पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में दमदार रहा था। श्रीलंका ने पिछले एशिया कप के फाइनल में भारतीय टीम को हराते हुए खिताब पर कब्जा जमाया था। टीम की कप्तान चमारी अटापट्टू बल्ले और गेंद दोनों से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। वहीं, हर्षिता समरविक्रमा ने भी बल्ले से अहम योगदान दिया है। गेंदबाजी में चमुदी प्रबोधा का प्रदर्शन भी बढ़िया रहा है।
भारत की प्लेइंग इलेवन: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), गुनालन कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़ और नंदनी शर्मा।
श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन: चमारी अटापट्टू (कप्तान), इमेशा दुलानी, विशमी गुणरत्ने, हासिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, नीलाक्षिका सिल्वा, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), सुगंधिका कुमारी, चामुदी प्रबोदा और मिताली अयोध्या।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Sept 2026 8:08 PM IST












