पश्चिम बंगाल में भगदड़ हादसे पर सियासत, विपक्ष ने कहा- सरकार लापरवाह, 50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए

पश्चिम बंगाल में भगदड़ हादसे पर सियासत, विपक्ष ने कहा- सरकार लापरवाह, 50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए
पश्चिम बंगाल के चोरबगान दुर्गा पूजा पंडाल में हुए भगदड़ हादसे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। इस हादसे को लेकर विपक्ष ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है, जबकि भाजपा ने इसे दुखद बताते हुए भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की बात कही है।

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के चोरबगान दुर्गा पूजा पंडाल में हुए भगदड़ हादसे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। इस हादसे को लेकर विपक्ष ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है, जबकि भाजपा ने इसे दुखद बताते हुए भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की बात कही है।

समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने अयोध्या में आईएएनएस से बात करते हुए इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इसका असर केवल कोलकाता तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में महसूस किया जा रहा है। ऐसे समय में जब पूरे देश में माता दुर्गा के पंडाल सजे हुए हैं और भोग-भंडारे चल रहे हैं, इस तरह की घटना का होना चिंताजनक है। ऐसे पवित्र अवसर पर सरकार की ओर से सुरक्षा में लापरवाही बरती गई है, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ है।

सांसद ने मांग की कि मृतकों के परिजनों को कम से कम पचास लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के घर में अंधेरा छा गया है, जिनका सदस्य दुनिया से चला गया है, उन रोते-बिलखते परिजनों को सहायता मिलनी चाहिए। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की और कहा कि नवरात्र के दौरान सुरक्षा की गारंटी देना सरकार का ही काम है और इस मामले में सरकार फेल साबित हुई है।

वहीं, हैदराबाद में कांग्रेस नेता वी. हनुमंत राव ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और नौकरी देने की बात कर रही है, लेकिन असल मुद्दा यह है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, "पहले लोगों की जान चली जाए और फिर मुआवजा और नौकरी दी जाए, यह सही व्यवस्था नहीं है। यह मौजूदा सरकार की विफलता को दर्शाता है। नई सरकार को सभी नागरिकों की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि लोगों की जान सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है।"

दूसरी ओर, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने पटना में इस घटना को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की दुखद खबर सुनकर सभी गहरे सदमे में हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सीसीटीवी कैमरों और उपलब्ध सभी संसाधनों की मदद से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में कोई भी इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न करे।

उन्होंने त्योहारों के मौसम में सभी से सतर्क रहने और पूरी सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने जनता से कहा कि मेलों में जाते समय या किसी भी उत्सव में शामिल होते समय शांत और संयमित रहें।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 Oct 2026 11:59 AM IST

Tags

Next Story