'भारत को कभी नहीं तोड़ सकतीं विरोधी ताकतें', पाकिस्तानी झंडों के साथ कांग्रेस के झंडे दिखने पर बोले किरेन रिजिजू
नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को लंदन में हुए एक विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि लंदन में विरोध प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के झंडों के साथ कांग्रेस पार्टी के झंडे भी लगाए गए थे। रिजिजू ने कहा कि भारत-विरोधी ताकतें कभी भी भारत को तोड़ नहीं सकतीं।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में पार्लियामेंट स्क्वायर के पास लोग तिरंगे झंडे को लेकर जुटे थे, लेकिन वहां कुछ लोगों के हाथों पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के झंडे भी थे। रिजिजू की ओर से शेयर वीडियो के आखिरी में एक जगह कांग्रेस के झंडे भी दिखाई दिए।
इस पर किरेन रिजिजू ने पोस्ट में लिखा, "लंदन में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और पाकिस्तान के झंडे के साथ कांग्रेस पार्टी के झंडा। ये लोग सोचते हैं कि लंदन में भारत-विरोधी ताकतों का यह जमावड़ा देशभक्त भारतीयों को डरा देगा। भारत कभी नहीं झुकेगा और भारत को भारत-विरोधी ताकतें कभी नहीं तोड़ सकतीं।"
इससे पहले, केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने प्रशांत भूषण की 'रिजीम चेंज' टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने रविवार को एक 'एक्स' पोस्ट में कहा कि अब लड़ाई भारत-विरोधी ताकतों और उन देशभक्त भारतीयों के बीच है, जो भारत की रक्षा करना चाहते हैं।
प्रशांत भूषण के 2011 और हालिया बयानों को शेयर करते हुए रिजिजू ने लिखा, "मोर्चाबंदी हो चुकी है। यह 'दिमागी नक्सलियों' बनाम 'देशभक्त भारतीयों' की लड़ाई है। यह भारत के संविधान में विश्वास रखने वालों बनाम अराजकतावादियों के बीच की लड़ाई है।"
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, "बांग्लादेश में हुई हिंसक घटना और फ्रांस में जो दंगे, आगजनी और लूटपाट हुईं, ठीक वैसी ही साजिश भारत के लिए भी रची गई थी। भारत-विरोधी गिरोहों और कुछ राजनेताओं ने मिलकर युवाओं को भड़काने और हमारी सड़कों पर हिंसा फैलाने की योजना बनाई थी। लेकिन इस खतरनाक साजिश रचने वाले भूल गए कि भारत न तो बांग्लादेश हैं और न ही फ्रांस।"
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अपनी पोस्ट में कहा, "भारत में सत्ता परिवर्तन बिल्कुल हो सकता है, लेकिन केवल चुनावों के जरिए, सोरोस के जरिए नहीं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Oct 2026 12:40 PM IST












