संगरूर हादसा मंत्रियों ने घायलों से की मुलाकात, कहा- पीड़ित परिवारों के साथ है सरकार

संगरूर हादसा मंत्रियों ने घायलों से की मुलाकात, कहा- पीड़ित परिवारों के साथ है सरकार
पंजाब के संगरूर जिले में रविवार को हुए एक सड़क हादसे में मनरेगा के आठ श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से सात का उपचार संगरूर के सिविल अस्पताल में चल रहा है। वहीं, चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटियाला स्थित राजिंदरा अस्पताल रेफर किया गया है।

संगरूर, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब के संगरूर जिले में रविवार को हुए एक सड़क हादसे में मनरेगा के आठ श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से सात का उपचार संगरूर के सिविल अस्पताल में चल रहा है। वहीं, चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटियाला स्थित राजिंदरा अस्पताल रेफर किया गया है।

सोमवार को पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्रियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली तथा घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

इसके बाद मीडिया से बात करते हुए मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा, "कल जाखल-लहरागागा रोड पर एक भयानक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में हमारे 8 श्रमिकों की जान चली गई और करीब 11 लोग घायल हुए हैं। आज हम घायलों से मिले हैं, उनकी हालत अब स्थिर है। सरकार उनके इलाज का पूरा खर्च उठाएगी। जिन परिवारों ने अपने लोगों को खोया है, उन्हें 2 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही इस हादसे में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

मंत्री वरिंदर कुमार गोयल ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा, "मनरेगा के तहत काम करने वाले ये सभी गरीब मजदूर थे, जिनके कई सपने और उम्मीदें थीं। एक तेज रफ्तार गाड़ी ने आकर उन सबको कुचल दिया। 8 लोगों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है और 11 लोग अभी भी जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।"

पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में भर्ती घायलों का हाल जानने पहुंचे पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने कहा, "हम अपना काम पूरी ईमानदारी से कर रहे हैं और लोगों को सुविधाएं दे रहे हैं। इस हादसे में चार लोग यहां भर्ती थे, हमने सुनिश्चित किया है कि उन्हें मुफ्त और बेहतर इलाज मिले। अच्छी बात यह है कि वे सभी अब पहले से बेहतर हैं। तीन लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और चौथे को भी जल्द छुट्टी मिल जाएगी। "

वहीं इस हादसे पर विपक्ष ने भी शोक जताया है। हिमाचल के चिंतपूर्णी में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने कहा, "यह घटना बेहद दुखद है। हम मानते हैं कि सब कुछ ईश्वर की इच्छा से होता है, लेकिन हमें अपनी बुद्धि और संयम से काम लेना चाहिए। आवेश में आकर आपा नहीं खोना चाहिए। तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने वाले लोग न सिर्फ खुद को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि दूसरों की जिंदगी भी छीन लेते हैं।"

कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुखद घटना है और वे पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 Oct 2026 1:00 PM IST

Tags

Next Story