बैंक धोखाधड़ी मामला पूर्व कर्मचारी और सहयोगी को 5 साल की सजा, 1.71 करोड़ से अधिक का जुर्माना
विशाखापट्टनम, 17 मार्च (आईएएनएस)। विशाखापट्टनम स्थित सीबीआई अदालत ने एक बड़े बैंक धोखाधड़ी मामले में सख्त फैसला सुनाया। अदालत ने फैसला सुनाते हुए आंध्रा बैंक के पूर्व क्लर्क-कम-कैशियर और एक निजी व्यक्ति को दोषी ठहराया है।
अदालत ने दोनों आरोपियों को पांच साल की सजा सुनाई है, साथ ही उन पर कुल 1,71,42,000 रुपए का भारी जुर्माना भी लगाया गया है।
दोषियों की पहचान वेंपडापु संतोषी रामू और महान्थी रमना के रूप में हुई है। वेंपडापु संतोषी रामू आंध्रा बैंक की चीपुरुपल्ली शाखा (जिला विजयनगरम) में क्लर्क-कम-कैशियर के पद पर कार्यरत थे, लेकिन बाद में उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। वहीं, महान्थी रमना एक निजी व्यक्ति हैं, जो नदिपैना पेटा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
सीबीआई के अनुसार, इस मामले की जांच 13 जून 2018 को शुरू की गई थी। जांच में सामने आया कि वेंपडापु संतोषी रामू ने महान्थी रमना के साथ मिलकर आपराधिक साजिश रची और उन्हें सौंपी गई रकम का गबन किया। यह राशि कुल 1,71,41,162 रुपए थी, जिसे चीपुरुपल्ली रूरल इलेक्ट्रिक को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड के खाते में जमा किया जाना था।
यह संस्था विजयनगरम जिले के दूरदराज इलाकों में बिजली उपभोक्ताओं से बिल वसूली का काम करती है। आरोप है कि इस पूरी राशि को जमा करने के बजाय आरोपियों ने धोखाधड़ी कर उसे अपने पास रख लिया।
जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने 10 जनवरी 2019 को दोनों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों को दोषी करार देते हुए सजा और जुर्माना सुनाया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 March 2026 5:47 PM IST












