'बांकीपुर में भाजपा को हराने के लिए साथ आए विपक्ष', भाई वीरेंद्र की अपील, शक्ति यादव ने प्रशांत किशोर पर कसा तंज
पटना, 6 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर राजनीति तेज हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद रिक्त हुई इस सीट पर सभी पार्टियों की निगाहें टिकी हुई हैं। राजद के नेताओं का कहना है कि इस सीट पर चुनाव के लिए विपक्षी दलों को एकजुट होना चाहिए।
आईएएनएस से बातचीत में आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि हमारे नेता तय करेंगे कि इस सीट पर कौन चुनाव लड़ेगा। सभी विपक्षी दलों को एक साथ मिलकर एक उम्मीदवार तय करना चाहिए, जिससे हमें जीत मिले।
उन्होंने प्रशांत किशोर से अपील की कि वह विपक्ष के साथ मिलकर यह चुनाव लड़ें। उन्होंने कहा कि अगर लालू प्रसाद यादव और शरद यादव न होते तो नीतीश कुमार मुख्यमंत्री भी न बन पाते। कई लोगों ने लालू प्रसाद यादव के साथ धोखाधड़ी की है।
उन्होंने कहा कि भरत तिवारी के घर पर लगातार नेता और मंत्री जा रहे हैं। ये सिर्फ राजनीति कर रहे हैं और घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।
राम मंदिर मामले को लेकर उन्होंने कहा कि बैठक में चोरी के पैसे का हिसाब लिया जाएगा। यह सब दिखावा है, चंपत राय को पहले ही ट्रस्ट से बाहर निकाल देना चाहिए था। देश के अन्य मंदिरों में भी घोटाला हो रहा है, बस वहां अभी उजागर नहीं हुआ है। उद्धव ठाकरे इस मामले को लेकर खड़े हुए हैं, उनका धन्यवाद है।
वहीं, आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा में राजद पहले भी चुनाव लड़ चुकी है और उसे 50 हजार से अधिक मत मिले थे। इस सीट पर हमारे सहयोगी दल चुनाव नहीं लड़ना चाहते थे, लेकिन हमारे राजद के नेता ने चुनाव लड़ा था। उन्होंने अपनी जमीन तैयार की है। इस बार इस सीट से राजद चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा की हार होने वाली है। प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने के ऐलान पर उन्होंने कहा कि वह पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं। कोई भी चुनाव लड़ सकता है। 2025 के चुनाव नतीजे सभी को पता हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 July 2026 7:40 PM IST












