एक और भोंदू बाबा की करतूत: महिला को पहले दिखाया काले जादू का डर, फिर रेप करने के बाद जबरन कर ली शादी - हिरासत में आरोपी

महिला को पहले दिखाया काले जादू का डर, फिर रेप करने के बाद जबरन कर ली शादी - हिरासत में आरोपी
  • यौवन गोहाड को पुलिस हिरासत में भेजा गया
  • नाशिक में एक और भोंदू बाबा गिरफ्तार

Nanded News. एक और भोंदू बाबा को गिरफ्तार किया गया है। उसने व्यापार में तरक्की का झांसा देकर एक महिला को तंत्र-मंत्र के जाल में फंसाया। दुष्कर्म के बाद काले जादू का डर दिखाकर जबरन शादी कर ली। महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति (अंनिस) के प्रयासों से उसकी गिरफ्तारी हुई। पुलिस ने उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे मंगलवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। जिले में कुख्यात ढोंगी बाबा अशोक खरात के बाद अंधविश्वास के खिलाफ दर्ज होने वाला यह आठवां बड़ा मामला है। पुलिस के अनुसार, पंचवटी निवासी महिला चाय की दुकान चलाती थी। दुकान की मंदी से परेशान होकर वह दारणा सांगवी निवासी ढोंगी बाबा यौवन भानुदास गोहाड से मिली। बाबा ने कहा कि वह अपनी दुकान में ‘अभिमंत्रित' चावल, लोबान की धूनी और तांत्रिक जड़ी-बूटी का पाउडर रखे। इससे उसका व्यवसाय चमकने लगेगा। इसके लिए उसने महिला से 3,000 रुपये भी ऐंठ लिए। कुछ समय बीतने के बाद जब महिला को कोई फायदा नहीं हुआ, तो बाबा ने कहा कि तुम्हारे ऊपर भारी संकट है। यदि तुमने शारीरिक संबंध नहीं बनाए, तो काले जादू के जरिए उसे व उसके परिवार को जान से मार देगा। ऐसा डर दिखाकर आरोपी ने उसके साथ कई बार बलात्कार किया। इसके बाद पहले से शादीशुदा होने के बावजूद पीड़िता से जबरन शादी कर ली।

विरोध करने पर अत्याचार

शादी के बाद पीड़िता ने बाबा के घर में तांत्रिक गतिविधियों का विरोध करना शुरु किया, तो उसकी जिंदगी नर्क बना दी गई। पिछले दो-तीन साल से महिला इस अमानवीय प्रताड़ना को सह रही थी। हाल ही में आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। तीन-चार दिन पहले ढोंगी बाबा ने विवाद के दौरान महिला और उसके एक साल के मासूम बच्चे का बेरहमी से गला घोंटकर जान से मारने का प्रयास किया। पीड़िता ने किसी तरह खुद को बचाकर मायके वालों को आपबीती सुनाई।

अंनिस की तत्परता से कार्रवाई

महाराष्ट्र अंनिस के कार्यकर्ताओं को इसकी सूचना मिली। अंनिस की टीम तुरंत महिला को लेकर नाशिक जिला ग्रामीण पुलिस अधीक्षक डीएस स्वामी के पास पहुंची। एसपी ने सायखेड़ा पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने यौवन गोहाड को जादूटोना विरोधी कानून तथा अन्य गंभीर धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया। अंनिस के राज्य प्रधान सचिव डॉ. टीआर गोराने, जिला कार्याध्यक्ष प्रा. आशा लांडगे, प्रह्लाद मिस्त्री और कृष्णा चांदगुडे ने इसमें सक्रियता निभाई। उन्होंने आशंका जताई है कि इस ढोंगी बाबा ने अन्य परिवारों को भी अपना शिकार बनाया होगा। समिति ने अपील की है कि कोई भी इस ढोंगी का शिकार हुआ है, तो वे बिना डरे पुलिस में शिकायत दर्ज कराए।

Created On :   6 July 2026 9:34 PM IST

Tags

Next Story