राज्यसभा: डॉ गोपछड़े की मांग - अमृतसर और काशी की तर्ज पर होली सिटी घोषित हो पवित्र तीर्थस्थल तख्त श्री हजूर साहिब का शहर नांदेड़

डॉ गोपछड़े की मांग - अमृतसर और काशी की तर्ज पर होली सिटी घोषित हो पवित्र तीर्थस्थल तख्त श्री हजूर साहिब का शहर नांदेड़
  • इससे नांदेड़ की आध्यात्मिक पहचान को मिलेगी वैश्विक स्वीकृति
  • राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान उठाई यह मांग

New Delhi News. भाजपा सांसद डॉ. अजित गोपछड़े ने महाराष्ट्र के पवित्र तीर्थस्थल तख्त श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के समग्र विकास तथा इसे ‘होली सिटी’ (पावन नगरी) घोषित करने की मांग संसद में उठाई है। सोमवार को राज्यसभा में शून्य काल के दौरान यह प्रस्ताव रखते हुए डॉ गोपछड़े ने कहा कि नांदेड़ केवल एक शहर नहीं, बल्कि विश्वभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है। उन्होंने इस पवित्र नगरी की गरिमा को संरक्षित और संवर्धित करने के लिए सरकार से त्वरित और ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।

भाजपा सांसद ने कहा कि नांदेड़ को अमृतसर और काशी की तर्ज पर ‘होली सिटी’ घोषित किया जाए, ताकि इसकी आध्यात्मिक पहचान को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल सके। साथ ही, उन्होंने गुरुद्वारा परिसर एवं उसके निर्धारित परिक्षेत्र में मांस, मदिरा और नशीले पदार्थों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर इसकी पवित्रता को अक्षुण्ण बनाए रखने की मांग की। उन्होंने नांदेड़ के सर्वांगीण विकास हेतु इसे एआई एवं आईटी हब के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा, जिससे यह शहर आधुनिक तकनीकी और आर्थिक प्रगति का केंद्र बन सके।

इसके साथ ही क्षेत्रीय स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए एम्स स्तर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की स्थापना की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने अमृतसर–हजूर साहिब नांदेड़ के बीच स्लीपर वंदे भारत ट्रेन तथा नांदेड़–पुणे और नांदेड़–हैदराबाद मार्गों पर वंदे भारत सेवाएं प्रारंभ करने का आग्रह भी किया। उन्होंने नांदेड़ हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाने की मांग भी उठाई।

Created On :   30 March 2026 6:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story