- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नांदेड़
- /
- सेंधमार कर्मचारी: नांदेड़ SBI से...
मिलीभगत: सेंधमार कर्मचारी: नांदेड़ SBI से करीब 806 ग्राम सोना गायब!, पोल खुलने के डर से लॉकर में रख दिया 41 तोला नकली गोल्ड

Nanded News. सनसनीखेज मामले ने बैंकिंग व्यवस्था और ग्राहकों के भरोसे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कहावत है कि जब बाड़ ही खेत खाने लगे, तो सुरक्षा की उम्मीद किससे की जाए। कुछ ऐसा ही मामला स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की डॉक्टर लेन शाखा में सामने आया है, जहां ग्राहकों द्वारा गोल्ड लोन के लिए गिरवी रखे गए सोने की कथित चोरी में बैंक के ही दो अधिकारियों के नाम सामने आए हैं।
आरोप है कि बैंक के कैश इन-चार्ज और सर्विस मैनेजर ने मिलकर लॉकर में रखे करीब 805.90 ग्राम (लगभग 80 तोला) सोने की हेराफेरी की। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चोरी छिपाने के लिए आरोपियों ने असली सोने की जगह करीब 41 तोला नकली सोना लॉकर में रख दिया था। घटना उजागर होने के बाद बैंकिंग क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
8 ग्राहकों का सोना गायब, कीमत 85.81 लाख रुपये
जानकारी के अनुसार, डॉक्टर लेन शाखा में कई ग्राहकों ने अपनी जरूरतों के लिए सोना गिरवी रखकर गोल्ड लोन लिया था। आरोप है कि कैश इन-चार्ज आदित्य प्रकाश सेनगावकर और सर्विस मैनेजर जीवन माधवराव जगदाले ने मिलीभगत कर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया।
बताया गया है कि दोनों ने आठ ग्राहकों के लॉकर में रखे 391 ग्राम सोने तथा अन्य सुरक्षित रखे गए 414 ग्राम सोने सहित कुल 805.90 ग्राम सोना गायब कर दिया। चोरी हुए सोने की अनुमानित बाजार कीमत 85 लाख 81 हजार 597 रुपये बताई गई है। प्राथमिक जांच के अनुसार यह घटना 18 मई से पहले की अवधि में हुई।
शाखा प्रबंधक की शिकायत पर मामला दर्ज
मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद बैंक प्रशासन में खलबली मच गई। इसके बाद डॉक्टर लेन शाखा के मुख्य शाखा प्रबंधक राजीव अनंत कदम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर वजीराबाद पुलिस ने आरोपी कैश इन-चार्ज आदित्य प्रकाश सेनगावकर और सर्विस मैनेजर जीवन माधवराव जगदाले के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े -आंबिल पीने से 150 से अधिक लोग बीमार, अस्पताल में जगह न होने पर शादीखाने के हॉल में इलाज जारी
प्रमुख तथ्य
- चोरी गया कुल सोना : 805.90 ग्राम (लगभग 80 तोला)
- लॉकर में मिला नकली सोना : 414 ग्राम (करीब 41 तोला)
- चोरी हुए सोने की अनुमानित कीमत : ₹85,81,597
- आरोपी : आदित्य प्रकाश सेनगावकर (कैश इन-चार्ज) और जीवन माधवराव जगदाले (सर्विस मैनेजर)
- बैंक शाखा : स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), डॉक्टर लेन शाखा, नांदेड़
- थाना : वजीराबाद पुलिस स्टेशन
पुलिस जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वजीराबाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस निरीक्षक परमेश्वर कदम के नेतृत्व में गठित टीम यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी किया गया सोना कहां रखा गया है अथवा उसे कहीं बेच तो नहीं दिया गया। पुलिस बैंक के रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
भरोसे को लगा बड़ा झटका
सोने की बढ़ती कीमतों के बीच आम लोग अपनी जरूरतों के लिए बैंक में सोना गिरवी रखकर उसे सुरक्षित मानते हैं। लेकिन नांदेड़ की इस घटना ने बैंकिंग व्यवस्था पर जनता के भरोसे को गहरा आघात पहुंचाया है। घटना के बाद लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि यदि सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले ही अनियमितताओं में शामिल पाए जाएं, तो ग्राहकों का विश्वास कैसे कायम रहेगा।
Created On :   31 May 2026 5:45 PM IST











