बांकीपुर उपचुनाव को लेकर बिहार भाजपा अध्यक्ष का दावा, 'भारी मतों से उपचुनाव में जीत होगी'
पटना, 3 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने बांकीपुर उपचुनाव को लेकर प्रतिक्रिया दी है। आईएएनएस से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग की ओर से बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए कल तारीखों की घोषणा की गई। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व को बांकीपुर की जनता धन्यवाद और आभार प्रकट करने वाली है, क्योंकि बांकीपुर की जनता के विधायक को भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया और राज्यसभा में सांसद बनाया। नितिन नवीन ने बांकीपुर के लिए काफी काम किया है। भाजपा भारी मतों से उपचुनाव को जीतने वाली है।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा जाने के बाद भी जब भी उनका (नितिन नवीन) बिहार का दौरा होता है तो बांकीपुर की चिंता करना वो नहीं छोड़ते। भाजपा-एनडीए समर्थित जो भी उम्मीदवार होगा अभूतपूर्व मतों से उसकी जीत होगी।
प्रशांत किशोर को लेकर उन्होंने कहा कि सभी पार्टियों की ओर से चुनावी मैदान में उम्मीदवार उतारे जाते हैं और अपनी-अपनी बातें कहीं जाती हैं। लेकिन बांकीपुर की जनता भाजपा-एनडीए समर्थित प्रत्याशी को जीताने वाली है।
कानून-व्यवस्था को लेकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की ओर से दिए गए बयान पर संजय सरावगी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को कहीं बाहर जाना था तो तीन दिन पहले ही उन्होंने पार्टी की स्थापना दिवस मना ली। ऐसा पहली बार देखने को मिला है। तेजस्वी यादव कुछ भी कहें, जनता उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेती। बिहार में जंगलराज से सुशासन स्थापित किया गया। लगातार कार्रवाई की जा रही है।
संजय सरावगी ने कहा कि जो अपराधी नहीं मानते या पुलिस पर हमला करते हैं, उनका एनकाउंटर किया जा रहा है और विकास का काम भी लगातार किया जा रहा है। कल ही मुख्यमंत्री की ओर से मेट्रो के दो स्टेशनों का शुभारंभ किया गया। जहां डिग्री कॉलेज नहीं है, वहां डिग्री कॉलेज खुल रहे हैं। इसलिए तेजस्वी यादव की ओर से जो बोला जाता है लोग गंभीरता से नहीं लेते।
उन्होंने कहा कि राजद की सरकार में अपराध और अपराधियों पर सत्ता का संरक्षण प्राप्त था। लालू यादव सजायाफ्ता थे। उन्होंने देश का सबसे बड़ा घोटाला किया। जेल जाते वक्त अपनी निरक्षर पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। उनका अपना नाम लिखना नहीं आता था। राज्य भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि तेजस्वी यादव को बिहार से बहुत मतलब नहीं है।
भ्रष्टाचार को लेकर सम्राट चौधरी की ओर से दिए गए निर्देश को लेकर संजय सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से बिल्कुल सही बात कही गई है। जो भी भ्रष्टाचारी होंगे, चाहे वे कोई भी हों, उनको बख्शा नहीं जाएगा। उनकी जगह बेऊर जेल होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 July 2026 11:49 AM IST












