हम लगभग हर तरह से परफेक्ट थे, लेकिन आगे के मुकाबले और चुनौतीपूर्ण होंगे स्पेनिश हेड कोच
लॉस एंजिल्स, 3 जुलाई (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्पेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रिया को 3-0 से हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई। इस जीत के बाद स्पेन के हेड कोच लुइस डे ला फुएंते ने टीम के प्रदर्शन को लगभग परफेक्ट बताया। हालांकि, उन्होंने साथ ही चेतावनी भी दी कि आगे के मुकाबले और भी ज्यादा चुनौतीपूर्ण होंगे।
मैच में स्पेन की ओर से पेड्रो पोरो ने अपना पहला इंटरनेशनल गोल किया, जबकि मिकेल ओयारजाबल ने दो गोल दागकर टीम को शानदार जीत दिलाई। मुकाबले में स्पेन पूरी तरह से हावी नजर आया और टीम ने ऑस्ट्रिया को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। 'सिन्हुआ' के मुताबिक डे ला फुएंते ने मैच के बाद कहा, "बड़ी टीमें तब सामने आती हैं जब उनकी मौजूदगी की जरूरत होती है। मुझे लगता है कि आज हमने एक शानदार मैच देखा है। मैं खुश हूं, क्योंकि हर तरह से हम लगभग परफेक्ट रहे, लेकिन हमें सुधार करते रहना होगा। अब हर मैच बहुत मुश्किल होने वाला है।" क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए स्पेन का सामना अब पुर्तगाल से 7 जुलाई को होगा।
कोच ने मिकेल ओयारजाबल की खास तारीफ की। उन्होंने बताया कि ओयारजाबल ने वर्ल्ड कप नॉकआउट मैच में दो गोल करके इतिहास रच दिया है। वह 1986 के बाद पहले स्पेनिश खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने नॉकआउट मैच में एक से ज्यादा गोल किए हैं। इस टूर्नामेंट में ओयारजाबल अब तक चार गोल कर चुके हैं और सऊदी अरब के खिलाफ ग्रुप मैच में भी उन्होंने दो गोल किए थे।
डे ला फुएंते ने ओयारजाबल को एक बेहतरीन खिलाड़ी बताते हुए कहा कि वह बहुत प्रतिभाशाली हैं, लेकिन साथ ही बेहद साधारण और जमीन से जुड़े इंसान भी हैं। यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। इस मैच में स्पेन के गोलकीपर उनाई साइमन ने भी बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने वर्ल्ड कप में लगातार 519 मिनट तक बिना गोल खाए खेलने का रिकॉर्ड बनाया। इसके साथ ही उन्होंने 1990 में इटली के गोलकीपर वाल्टर जेंगा के 517 मिनट के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। साइमन की यह लगातार पांचवीं क्लीन शीट थी, जिसकी शुरुआत वर्ल्ड कप 2022 में हुई थी। उनकी शानदार गोलकीपिंग ने स्पेन के डिफेंस को बेहद मजबूत बना दिया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 July 2026 11:29 AM IST












