बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले पटना पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन
पटना, 25 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पटना पहुंचे हैं। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले नितिन नवीन का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।
नितिन नवीन के शनिवार सुबह पटना एयरपोर्ट पर उतरने के बाद बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान, एयरपोर्ट पर सांसद संजय जायसवाल और मनोज तिवारी भी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि बांकीपुर विधानसभा सीट नितिन नवीन का राजनीतिक गढ़ रही है। उनके राज्यसभा सदस्य बनने और विधानसभा सदस्यता से त्यागपत्र के बाद बांकीपुर में उपचुनाव हो रहे हैं। 30 जुलाई को विधानसभा क्षेत्र में वोट डाले जाएंगे।
फिलहाल, बांकीपुर में चुनाव प्रचार अंतिम दौर में है। इस लिहाज से उनका दौरान अहम माना जा रहा है। नितिन नवीन के दौरे को लेकर बांकीपुर से भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने कहा, "हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मेरे बड़े भाई हैं, इसलिए जाहिर है कि वे आएंगे ही।"
इससे पहले, बांकीपुर में पवन सिंह और मनोज तिवारी जैसे नेताओं ने चुनाव प्रचार किया। दोनों नेताओं से समर्थन मिलने के बारे में पूछे जाने पर पार्टी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा ने कहा, "वे दोनों मेरे बड़े भाई हैं और मैं हममें सबसे छोटा हूं। बड़े भाई होने के नाते वे मुझे आशीर्वाद देने आए थे। उन्होंने मेरे लिए प्रचार भी किया। आखिर वे मेरे बड़े भाई हैं।"
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा, "हमने व्यक्तिगत रूप से बांकीपुर में प्रचार किया है और वहां के हालात खुद देखे हैं। माहौल पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में है। भाजपा रिकॉर्ड अंतर से जीतेगी, क्योंकि यह हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का निर्वाचन क्षेत्र है। नितिन नवीन को जो राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद मिला है, इसके बाद आशीर्वाद के रूप में जनता भाजपा के पक्ष में वोट करेगी।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 July 2026 10:59 AM IST












