बरेली कोर्ट से पेशी के दौरान बंदी फरार, लापरवाही पर आठ पुलिसकर्मी निलंबित

बरेली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बरेली में जिला कारागार से पेशी पर लाया गया एक बंदी न्यायालय परिसर में पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हवालात ड्यूटी और बंदी को पेशी पर लाने में तैनात आठ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस ने फरार बंदी समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
सीओ प्रथम बरेली आशुतोष शिवम ने बताया कि 21 अक्टूबर 2026 को जिला कारागार से सचिन पुत्र चंद्रभान को पेशी के लिए न्यायालय परिसर स्थित लॉकअप में लाया गया था।
सचिन सुभाष नगर थाना क्षेत्र का निवासी है। पेशी के दौरान मौका पाकर वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हवालात ड्यूटी और बंदी की पेशी के लिए तैनात कुल आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
न्यायालय सुरक्षा चौकी प्रभारी की तहरीर पर थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 528/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 261 और 262 में फरार बंदी सचिन तथा आठ पुलिसकर्मियों समेत कुल नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीओ ने बताया कि फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस, एसओजी, थाना कोतवाली और थाना सुभाष नगर की चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और बंदी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि फरार बंदी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-- आईएएनएस
विकेटी/वीसी
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
