मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स भारत 'ए' के साथ एक ही ग्रुप में पाकिस्तान 'ए', जानिए कब किस देश से मैच?

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। एसीसी मेंस एशिया कप 'राइजिंग स्टार्स' टूर्नामेंट में भारत 'ए' को पाकिस्तान 'ए' के साथ 'ग्रुप बी' में रखा गया है। यह टूर्नामेंट 19 से 29 नवंबर तक दोहा में आयोजित होगा। इस ग्रुप में नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) भी शामिल हैं।
भारत 'ए' अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगा। इसके बाद 24 नवंबर को उसका मुकाबला यूएई से होगा। भारत 'ए' और पाकिस्तान 'ए' के बीच बहुप्रतीक्षित मैच 22 नवंबर को खेला जाना है। वहीं, पाकिस्तान 'ए' का सामना 20 नवंबर को यूएई से और 24 नवंबर को नेपाल से होगा।
यूएई और नेपाल 22 नवंबर को एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे। ग्रुप ए में श्रीलंका 'ए', बांग्लादेश 'ए', अफगानिस्तान 'ए' और हांगकांग, चीन शामिल हैं। इस टूर्नामेंट की मेजबानी कतर क्रिकेट एसोसिएशन (क्यूसीए) कर रहा है, जिसके मैच वेस्ट एंड इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी (यूडीएसटी) के मैदान पर खेले जाएंगे।
आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है और वे 'सिंगल राउंड-रॉबिन' फॉर्मेट में खेलेंगी। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल मैच 26 और 27 नवंबर को खेले जाने हैं। इसके बाद 29 नवंबर को फाइनल मुकाबला होगा। नेपाल, हांगकांग, चीन और यूएई ने जुलाई में मलेशिया में हुए एसीसी पुरुष प्रीमियर कप के जरिए इस टूर्नामेंट में अपनी जगह बनाई है।
तीनों एसोसिएट टीमें अपने सीनियर राष्ट्रीय खिलाड़ियों को मैदान में उतारेंगी। नेपाल या यूएई और किसी भी 'फुल मेंबर' की 'ए' टीम के बीच होने वाले सभी मैचों को आधिकारिक 'लिस्ट ए' का दर्जा मिलेगा। इसका मतलब यह है कि नेपाल और यूएई के खिलाफ भारत 'ए' के मैच 'लिस्ट ए' मुकाबलों के रूप में गिने जाएंगे, जबकि नेपाल और यूएई के बीच होने वाला मुकाबला एक आधिकारिक वनडे मैच होगा।
हांगकांग और चीन को क्रिकेट वर्ल्ड कप चैलेंज लीग के बाहर 'लिस्ट ए' मैच खेलने की अनुमति है, लेकिन 'ए' टीमों के खिलाफ उनके मुकाबलों का दर्जा एसीसी की मंजूरी पर निर्भर करेगा। पिछले साल भी इस टूर्नामेंट का आयोजन दोहा में ही हुआ था, जहां फाइनल में पाकिस्तान 'ए'ने बांग्लादेश 'ए' को सुपर ओवर में शिकस्त देकर खिताब जीता था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
