पश्चिम बंगाल में बनेगी भाजपा सरकार तो गोहत्या पर लगेगा प्रतिबंध गिरिराज सिंह
पटना, 30 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर टीएमसी और भाजपा नेताओं में जुबानी जंग तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सीएम ममता बनर्जी के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद गोहत्या पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का यह बयान उस वक्त आया है, जब पश्चिम बंगाल में सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत प्रचार में झोंक दी है। टीएमसी प्रमुख और सीएम ममता बनर्जी ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि अगर बंगाल में भाजपा की सरकार बनी तो मांसाहारी भोजन नहीं खा पाएंगे।
ममता बनर्जी के आरोप का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि मछली खाने पर प्रतिबंध नहीं लगेगा, बल्कि, भाजपा की सरकार में तो गोहत्या पर प्रतिबंध लगाएंगे। मछली खाने पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। ममता की सरकार में हिंदू प्रताड़ित होता रहा है, उसे भाजपा की सरकार में प्राथमिकता दी जाएगी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विधान परिषद से इस्तीफा दिए जाने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार का कार्यकाल इतिहास में याद किया जाएगा। देश और बिहार की जनता उनके कार्यकाल को स्वर्णिम काल के तौर पर याद करेगी।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार 1985 से विधायक रहे, विधानपरिषद के सदस्य रहे हैं और एक सफल मुख्यमंत्री भी बीते दो दशक से रहे हैं। उनके शानदार कार्यकाल को इतिहास के पन्नों में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। नीतीश कुमार का कार्यकाल अद्भुत रहा है।
उन्होंने राजद के मुखिया लालू प्रसाद यादव पर तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ नीतीश कुमार का सुशासन है, दूसरी तरफ लालू यादव का जंगलराज। दोनों नेताओं को इतिहास में याद किया जाएगा। एक जिसने बिहार को निरंतर विकास के पथ पर बढ़ाया और दूसरा जिसने विकास को पटरी से उतारने का काम किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 March 2026 6:39 PM IST












