बंगाल में परिवर्तन होगा, ममता के गुंडाराज का अंत तय विष्णु देव साय
रायपुर, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दावा किया है कि माहौल भाजपा के पक्ष में है। इस बार परिवर्तन होगा और ममता बनर्जी के गुंडाराज का अंत तय है।
रायपुर में मीडिया से बातचीत में सीएम साय ने कहा कि बंगाल में भाजपा की स्थिति बहुत अच्छी है। शनिवार को मैंने झारग्राम का दौरा किया, जहां चार विधानसभा क्षेत्रों से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल किए। नामांकन रैली ऐतिहासिक थी, जिसमें लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने कुछ नहीं किया। लोगों को रोजगार नहीं मिला, बेटी और महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। ममता बनर्जी ने किसी भी केंद्रीय योजना का लाभ नहीं दिया। पश्चिम बंगाल में गुंडाराज, उन्होंने तो लालू राज को भी पीछे छोड़ दिया है।
सीएम साय ने कहा कि ममता बनर्जी की टीएमसी सरकार के खिलाफ जनता में गहरा गुस्सा है, क्योंकि उन्हें लगता है कि पिछले पंद्रह वर्षों में वहां कुछ भी काम नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी देश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं, लेकिन टीएमसी सरकार पश्चिम बंगाल में केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू नहीं होने देती है। इसलिए पश्चिम बंगाल के तीव्र विकास के लिए ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली भ्रष्टाचारी टीएमसी सरकार को हटाना ही होगा।
बंगाल चुनाव को लेकर भाजपा का दावा है कि इस बार टीएमसी नहीं, भाजपा की सुशासन वाली सरकार बनेगी। लोग शांति से जीवन यापन करेंगे और पीएम मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचेगा।
इसी क्रम में शनिवार को सीएम साय के अलावा उनके मंत्रिमंडल के कई मंत्रियों ने बंगाल में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में चुनावी प्रचार किया। सीएम साय नयाग्राम, गोपीबल्लवपुर, झारग्राम एवं बिनपुर विधानसभा के भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित रोड शो में शामिल हुए।
सीएम साय ने कहा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि जनता के आशीर्वाद से पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की इस लहर से भारतीय जनता पार्टी ऐतिहासिक जनादेश मिलेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 April 2026 3:03 PM IST












