Nagpur News: आरपीएफ ने लौटाया अंतरराष्ट्रीय टेनिस खिलाड़ी का मोबाइल, यात्रा के दौरान गया था गिर

आरपीएफ ने लौटाया अंतरराष्ट्रीय टेनिस खिलाड़ी का मोबाइल, यात्रा के दौरान गया था गिर
  • आरपीएफ की चौकी तुमसर रोड की तत्परता और मेहनत का परिचय
  • अंतरराष्ट्रीय टेनिस खिलाड़ी का बहुमूल्य मोबाइल फोन सुरक्षित वापस लौटाया

Nagpur News. रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की चौकी तुमसर रोड ने तत्परता और मेहनत का परिचय देते हुए एक अंतरराष्ट्रीय टेनिस खिलाड़ी का बहुमूल्य मोबाइल फोन सुरक्षित वापस लौटाया। यह मामला ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत की गई सफल कार्रवाई का उत्कृष्ट उदाहरण है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 मार्च को हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12833) में यात्रा कर रही 23 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय टेनिस खिलाड़ी रीमा रॉय (निवासी छत्तीसगढ़) का आईफोन 17 तुमसर रोड के पास ट्रेन से गिर गया था। इसकी सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मो. मुगीसुद्दीन ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। उन्होंने ट्रैक पर पेट्रोलिंग करवाई, आसपास के गांवों में खोजबीन की, ग्राम सरपंचों एवं ग्रामीणों से समन्वय स्थापित किया तथा मुखबिरों को सक्रिय किया। खिलाड़ी द्वारा दी गई लाइव लोकेशन के आधार पर लगातार गश्त जारी रखी गई।

3 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि मांढल गांव में एक व्यक्ति के पास उक्त मोबाइल है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और मोबाइल बरामद कर आरपीएफ चौकी तुमसर रोड में सुरक्षित रखा।

इसकी सूचना खिलाड़ी को दी गई। 4 अप्रैल को रात 12:30 बजे रीमा रॉय अपने माता-पिता के साथ चौकी पहुंचीं। मोबाइल दिखाने पर उन्होंने उसकी पहचान की। बिल और आधार कार्ड के माध्यम से सत्यापन किया गया। मोबाइल के IMEI नंबर 357488870601412 और 357488870524366 पाए गए, जिसकी कीमत 82,999 रुपये बताई गई। सभी दस्तावेज सही पाए जाने पर मोबाइल उन्हें सौंप दिया गया।

मोबाइल वापस मिलने पर रीमा रॉय और उनके माता-पिता ने आरपीएफ की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “आरपीएफ का यह कार्य अत्यंत सराहनीय है।” चौकी प्रभारी ने बताया कि ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत इस प्रकार की कार्रवाई यात्रियों का विश्वास बढ़ाती है। यह घटना रेलवे सुरक्षा बल की निष्ठा और जिम्मेदारी का प्रतीक है।

Created On :   5 April 2026 8:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story