- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- गैस संकट कम होने का नाम नहीं ले...
दिक्कतें हजार: गैस संकट कम होने का नाम नहीं ले रहा, एजेंसी कार्यालय में उपभोक्ता आपस में भिड़े

Nagpur News. गैस सिलेंडर का संकट कम होने का नाम नहीं ले रहा। तेल कंपनियों ने शहरी क्षेत्र के लिए सिलेंडर बुकिंग की मियाद 30 दिन से बढ़ाकर 35 दिन कर दी। सिलेंडर के लिए उपभोक्ता गैस एजेंसी व गोदाम के बाहर सुबह से नंबर लगाने को मजबूर हैं। शनिवार को काटोल रोड पुलिस मुख्यालय के पास स्थित गैस एजेंसी के सामने सिलेंडर के लिए उपभोक्ताआें के बीच विवाद हो गया।
शहर में 50 गैस एजेंसियां
नागपुर शहर में 50 गैस एजेंसियां हैं। तेल कंपनियों ने डिमांड का 60 फीसदी कोटा जारी करने का वादा किया है, लेकिन गैस एजेंसियों तक 50 फीसदी ही सिलेंडर पहुंच रहे हैं। इस कारण हर दिन सिलेंडर का बैकलॉग बढ़ता जा रहा है। सिलेंडर नहीं मिलने से उपभोक्ता गैस एजेंसी पहुंचकर डीलर से विवाद कर रहे हैं। तेल कंपनियों की ताजा गाइडलाइन के मुताबिक डबल सिलेंडर होने पर अब 30 की जगह 35 दिन बाद सिलेंडर की बुकिंग की जा सकेगी। सिंगल सिलेंडर के लिए पहले की तरह 25 दिन की ही मियाद रखी गई है।
लाइन में घुसने का आरोप
इधर शनिवार सुबह काटोल रोड पुलिस मुख्यालय के पास स्थित एचपी गैस एजेंसी में सिलेंडर के लिए पहुंचे उपभोक्ता आपस में भिड़ गए। यहां सुबह से ही सिलेंडर के लिए लंबी लाइन लगी थी। एक उपभोक्ता ने लाइन के बीच में घुसने का आरोप एक अन्य उपभोक्ता पर लगाया। दोनों के बीच विवाद हुआ। वहां खड़े अन्य उपभोक्ताआें ने बीच-बचाव कर मामला शांत किया। इस एजंेसी में अधिकांश उपभोक्ता पुलिस परिवार से हैं।
गैस एजेंसी का गजब दावा
इधर उपभोक्ताओं को 15 दिन तक सिलेंडर नहीं मिल रहे आैर मेडिकल चौक स्थित ब्ल्यू फ्लेम गैस एजेंसी के मैनेजर रमेश कालबांडे ने दावा किया कि हमारे यहां किसी को 8 दिन में तो किसी को 2 दिन में सिलेंडर की डिलीवरी हो रही है। 2 दिन मेें जिन्हें सिलेंडर की डिलीवरी हुई, उनकी रसीदें या नाम बताने की गुजारिश की तो डिलीवरी करने वाले संबंधित कर्मचारी के ड्यूटी पर नहीं आने का जवाब दिया।
नंबर नहीं लगने की शिकायत
एचपी कंपनी ने सिलेंडर का नंबर लगाने के लिए 8888823456 नंबर जारी किया है। इसी तरह 9493602222 पर मिस्ड कॉल करके भी सिलेंडर का नंबर लगाने की सुविधा दी है। इन नंबरों पर सिलेंडर का नंबर नहीं लगने की शिकायत है। लक्ष्मण चंदनबटवे मेडिकल चौक स्थित ब्ल्यू फ्लेम गैस एजेंसी के उपभोक्ता हैं। दोनों नंबरों पर सिलेंडर का नंबर नहीं लगने पर चंदनबटवे परिवार के सदस्य गैस एजेंसी पहुंचे। एजेंसी ने इन्हें एचपी पे एप पर जाकर नंबर लगाने को कहा, लेकिन यहां से भी इन्हें प्रतिसाद नहीं मिला।
फुटबॉल बन रहा उपभोक्ता
सिलेंडर के लिए उपभोक्ता गैस एजंेसी के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। जिला प्रशासन, खाद्यान्न विभाग व तेल कंपनी केवल आश्वासन दे रहे हैं कि सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ताआें की कही सुनवाई नहीं हो रही है। गैस एजेंसी का साफ कहना है कि कम सिलेंडर आ रहे है आैर हमारे हाथ में कुछ नहीं है।
Created On :   5 April 2026 7:21 PM IST












