सियासत: विधानसभा उपचुनाव को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष में टकराव, कांग्रेस बारामती-राहुरी में चुनाव लड़ने पर अड़ी

विधानसभा उपचुनाव को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष में टकराव, कांग्रेस बारामती-राहुरी में चुनाव लड़ने पर अड़ी
  • सीएम ने फिर की निर्विरोध उपचुनाव की अपील
  • सत्तापक्ष और विपक्ष में टकराव
  • बारामती-राहुरी में चुनाव लड़ने पर घमासान
  • राहुरी सीट पर उद्धव और शरद गुट में खींचतान

Mumbai/ Nagpur News. पुणे की बारामती और अहिल्यानगर की राहुरी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी में टकराव नजर आ रहा है। कांग्रेस बारामती और राहुरी दोनों सीटों पर उपचुनाव लड़ने के लिए अड़ी हुई है। वहीं, राहुरी सीट पर राकांपा (शरद) और शिवसेना (उद्धव) भी दावा कर रही है। इस पर शनिवार को नागपुर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र में इससे पहले कई बार उपचुनाव निर्विरोध हो चुके हैं। इसलिए मेरा महाराष्ट्र के सभी राजनीतिक दलों से आग्रह है कि बड़ा दिल दिखाकर उपचुनाव को निर्विरोध कराएं। मुख्यमंत्री के इस बयान पर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नाना पटोले ने पलटवार किया है। नागपुर में पटोले ने कहा कि दिग्गज नेताओं के निधन के बाद होने वाले उपचुनाव निर्विरोध कराने की परंपरा कांग्रेस ने ही शुरू की थी। लेकिन, हाल के वर्षों में भाजपा ने ही उपचुनाव को निर्विरोध कराने की परंपरा को तोड़ा है। भाजपा ने कई विधानसभा सीटों के उपचुनाव में उम्मीदवार उतारे हैं।

राहुरी सीट पर उद्धव और शरद गुट में खींचतान

राहुरी सीट पर होने वाले उपचुनाव लड़ने को लेकर शिवसेना (उद्धव) और राकांपा (शरद) में खींचतान नजर आ रही है। शिवसेना (उद्धव) के स्थानीय नेता रावसाहब खेवरे ने शनिवार को मातोश्री में पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। दूसरी तरफ राकांपा (शरद) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटील ने राकांपा (शरद) अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात की। राहुरी सीट पर राकांपा (शरद) के पूर्व विधायक प्राजक्त तनपुरे लड़ना चाहते हैं। पाटील ने कहा कि राहुरी सीट को लेकर रविवार शाम तक फैसला हो जाएगा। वहीं, भाजपा ने राहुरी सीट पर अक्षय कर्डिले को प्रत्याशी बनाया है।

कांग्रेस आज घोषित करेगी उम्मीदवार : सपकाल

इस बीच, बुलढाणा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि बारामती और राहुरी दोनों सीटों पर उपचुनाव के लिए कांग्रेस के प्रत्याशियों की घोषणा रविवार दोपहर तक हो जाएगी। सपकाल ने कहा कि साल 2024 के विधानसभा चुनाव में बारामती और राहुरी दोनों सीटों पर राकांपा (शरद) ने उम्मीदवार उतारे थे। यदि राकांपा (शरद) बारामती सीट पर उम्मीदवार नहीं उतारेगी तो वहां कांग्रेस लड़ेगी। कांग्रेस ने इस बारे में राकांपा (शरद) के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे को अवगत करा दिया है।

बारामती के लिए सुनेत्रा ने मांगा उद्धव से समर्थन

उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को फोन करके बारामती सीट के उपचुनाव के लिए शिवसेना (उद्धव) का समर्थन मांगा है। शिवसेना (उद्धव) के सांसद संजय राऊत ने बताया कि गत शुक्रवार को सुनेत्रा ने उद्धव को फोन किया था।

Created On :   5 April 2026 5:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story