विदर्भ में पहला प्रयोग: अब शहर में शुरू हुआ जेन जी पोस्ट ऑफिस, विद्यार्थियों को मिलेगा आधुनिक डिजिटल अनुभव

अब शहर में शुरू हुआ जेन जी पोस्ट ऑफिस, विद्यार्थियों को मिलेगा आधुनिक डिजिटल अनुभव
  • महाराष्ट्र में तीसरा और नागपुर-विदर्भ में पहला प्रयोग
  • एन-जेन पहल के तहत विकसित
  • भविष्य की दिशा में बड़ा कदम

Nagpur News. विदर्भ क्षेत्र का पहला ‘जेन जी' थीम आधारित पोस्ट ऑफिस नागपुर के विश्वेश्वरैया राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (वीएनआईटी) परिसर स्थित वीआरसीई पोस्ट ऑफिस में शुरू किया गया। इस पहल से छात्र परिसर में डाक सेवाओं का एक नया, आधुनिक और तकनीक-आधारित स्वरूप उपलब्ध हुआ है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस

जेन जी पीढ़ी की जरूरतों और पसंद को ध्यान में रखते हुए इस पोस्ट ऑफिस को पूरी तरह स्मार्ट और डिजिटल बनाया गया है। यहां पोस्टल और वित्तीय सेवाएं एक इंटरएक्टिव माहौल में उपलब्ध हैं। लेन-देन को आसान बनाने के लिए सहज डिजिटल इंटरफेस तैयार किया गया है, जिससे छात्रों को तेज और सरल सेवा मिल सके। यह महाराष्ट्र का तीसरा और नागपुर-विदर्भ का पहला जेन जी मॉडल पोस्ट ऑफिस है।

पढ़ाई और मनोरंजन का अनोखा संगम : यह केंद्र सिर्फ पारंपरिक सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों के लिए एक अनुकूल और आरामदायक स्पेस भी तैयार करता है। यहां मुफ्त वाई-फाई, छोटी लाइब्रेरी, कैरम और शतरंज जैसे इंडोर गेम्स के साथ कॉफी वेंडिंग मशीन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे छात्र सेवाओं का उपयोग करते हुए समय भी बिता सकेंगे।

एन-जेन पहल के तहत विकसित

यह परियोजना महाराष्ट्र पोस्टल सर्कल की नेक्स्ट जेनरेशन (एन-जेन ) पहल के तहत विकसित की गई है, जिसका उद्देश्य पोस्ट ऑफिस को आधुनिक बनाना, डिजिटल सिस्टम को मजबूत करना और ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाना है। इस पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन वीएनआईटी के रजिस्ट्रार सचिन जगदाले और निदेशक प्रेम लाल पटेल ने किया। इस अवसर पर डाक सेवा निदेशक (नागपुर क्षेत्र) डॉ. सुधीर जाखेरे, वरिष्ठ अधीक्षक (नागपुर सिटी डिवीजन) डीएलआरएसजे प्रसुना रेड्डी और सहायक निदेशक जयंत दाऊ भी उपस्थित रहे।

भविष्य की दिशा में बड़ा कदम

अधिकारियों का कहना है कि यह पहल डिजिटल प्लेटफॉर्म की ओर आकर्षित नई पीढ़ी के लिए मॉडल पोस्ट ऑफिस नई संभावनाएं लेकर आया है, साथ ही पारंपरिक डाक सेवाओं की मूल भूमिका को भी बनाए रखता है।

युवाओं को जोड़ने की पहल

डाक विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य युवाओं को पोस्ट ऑफिस की कार्यप्रणाली से जोड़ना और सेवाओं को उनकी जीवनशैली के अनुरूप बनाना है। सेवाओं और मनोरंजन के इस संयोजन से युवाओं की भागीदारी बढ़ने और उन्हें डाक व वित्तीय सेवाओं के प्रति जागरूक करने की उम्मीद है।

Created On :   5 April 2026 7:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story