हरिद्वार पति ने दिया तीन तलाक तो पीड़िता ने खटखटाया पुलिस का दरवाजा, यूसीसी के तहत कार्रवाई की मांग

हरिद्वार  पति ने दिया तीन तलाक तो पीड़िता ने खटखटाया पुलिस का दरवाजा, यूसीसी के तहत कार्रवाई की मांग
हरिद्वार के थाना बुग्गावाला क्षेत्र के बंदरजूड में एक महिला के साथ प्रताड़ना और तीन तलाक का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हरिद्वार, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। हरिद्वार के थाना बुग्गावाला क्षेत्र के बंदरजूड में एक महिला के साथ प्रताड़ना और तीन तलाक का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, करीब ढाई साल पहले शाहीन की शादी मुस्लिम रीति-रिवाज से मोहम्मद दानिश के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही महिला को ससुराल पक्ष और पति द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। स्थिति तब गंभीर हो गई, जब पति ने कथित रूप से तीन बार तलाक कहकर महिला को घर से अलग कर दिया।

पीड़िता के परिवार ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने के लिए समान नागरिक संहिता जैसे कानून के तहत आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा महिलाओं के हित में बनाए गए कानूनों की सराहना भी की है।

पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी है और संबंधित धाराओं में कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

पीड़िता के भाई सलमान ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि ढाई साल पहले मेरी बहन की शादी हुई थी। कई बार कहासुनी हुई। गांव के कई लोग वहां गए और समझाया। इसी तरह चलता रहा, लेकिन लड़के की बहन और मां, मेरी बहन को काफी परेशान करते थे। बहुत सी बातें बहन ने हमें बताई भी नहीं, लेकिन अब लड़के ने मेरी बहन को 'तलाक' दिया है।

सलमान ने कहा कि सरकार यूसीसी कानून लेकर आई है। महिलाओं के लिए ये कानून अच्छा है। हम इस कानून के तहत कार्रवाई चाहते हैं। हम चाहते हैं कि किसी बहन के साथ ऐसा ना हो। धर्म और कुरान में कुछ भी गलत नहीं है, लेकिन कुछ लोग उसका गलत फायदा उठा रहे हैं। सरकार द्वारा बनाए गए कानून के तहत हम कार्रवाई चाहते हैं।

पीड़िता शाहीन ने बताया कि शादी के बाद से ही हमारे साथ गलत व्यवहार हो रहा था। काफी दिन तक मैं सहती रही और घर पर भी नहीं बताया, लेकिन जब हद पार हो गई तो मैंने अपने घर पर बताया। पीड़िता ने सास पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे लोग मुझे जान देने के लिए उकसाते थे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 April 2026 8:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story