पश्चिम बंगाल की पुलिस मेरी पार्टी के कार्यकर्ताओं को धमका रही है हुमायूं कबीर
मुर्शिदाबाद, 24 सितंबर (आईएएनएस)। आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के अध्यक्ष और नाओदा विधानसभा सीट से विधायक हुमायूं कबीर ने पुलिस पर पार्टी कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर झूठे मामलों में फंसाने और मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया है। विरोध में हुमायूं कबीर गुरुवार सुबह रेजीनगर थाने के सामने अचानक धरने पर बैठ गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर आगामी उपचुनाव को प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
हुमायूं कबीर ने पत्रकारों से बात करते हुए आरोप लगाया कि रेजीनगर, शक्तिपुर और बेलडांगा थानों की पुलिस भाजपा के निर्देश पर काम कर रही है। पुलिस आगामी 6 अक्टूबर को होने वाले रेजीनगर उपचुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। पुलिसकर्मी मुस्लिम परिवारों के घरों में जाकर उन्हें धमका रहे हैं और मतदान समाप्त होने तक घर छोड़कर चले जाने का दबाव बना रहे हैं। बुधवार रात को ही रेजीनगर थाना पुलिस ने रामपाड़ा-1 ग्राम पंचायत के सदस्य और मेरे करीबी माने जाने वाले सैफुल इस्लाम को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने मेरी पार्टी के करीब 15 नेता और कार्यकर्ता को फिलहाल झूठे मामलों में बंद किया है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के बजाय पुलिस खुले तौर पर भाजपा के पक्ष में काम कर रही है। आम जनता उन्नयन पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है, जिससे चुनाव से पहले पार्टी के संगठन को कमजोर किया जा सके।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी हुमायूं कबीर ने निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने उन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया है, इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की संभावना कम है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जिस तरह से काम कर रहा है, वह उचित नहीं है और सरकार का समर्थन मिलने के कारण उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
हुमायूं कबीर ने कहा कि पश्चिम बंगाल में उपचुनाव की तारीख मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की ओर से घोषित की गई है और तारीख की घोषणा के बाद से ही पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है, ताकि भाजपा को चुनाव में फायदा पहुंचाया जा सके। पुलिस आदर्श आचार संहिता के नियमों का उल्लंघन कर रही है और उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को धमका रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 Sept 2026 10:04 PM IST












