बंगाली एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी का निधन, सीएम ममता ने व्यक्त किया शोक
कोलकाता, 29 मार्च (आईएएनएस)। जाने-माने, युवा और पॉपुलर एक्टर राहुल अरुणोदय बनर्जी का निधन हो गया है। उनके निधन पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शोक व्यक्त किया है।
ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि मुझे यह जानकर गहरा सदमा लगा है कि प्रतिभाशाली, युवा और लोकप्रिय अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी अचानक हमारे बीच से चले गए हैं। मुझे समझ नहीं आ रहा कि क्या हुआ है। वे मेरे पसंदीदा अभिनेता और इंसान थे।
ममता बनर्जी ने लिखा कि मैं उनके शोक संतप्त परिवार, परिजनों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं। राहुल का अचानक निधन बंगाली अभिनय जगत, टॉलीवुड और टेलीवुड के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
बता दें कि राहुल अरुणोदय बनर्जी एक लोकप्रिय बंगाली अभिनेता और लेखक थे। शूटिंग के दौरान एक दुर्घटना में वे चोटिल हो गए थे। लेकिन, उनका जीवन नहीं बचाया जा सका। वे एक थिएटर आर्टिस्ट परिवार से थे। राहुल ने सिर्फ तीन वर्ष की उम्र में स्टेज पर डेब्यू किया था। उन्होंने बंगाली सिनेमा और टेलीविजन में काम किया।
रविवार को उनके अचानक निधन से बंगाली फिल्म और टीवी जगत में शोक की लहर दौड़ गई। कई लोग उन्हें टॉलीवुड का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मानते थे। उनको सबसे ज्यादा पहचान वर्ष 2008 की हिट फिल्म 'चिरोदिनी तुमी जे आमार' से मिली थी, जिसने उन्हें बंगाली दर्शकों के बीच पॉपुलर बनाया।
राहुल ने सहज कथा जैसे शो में भी काम किया, जो दर्शकों के बीच उनकी पॉपुलैरिटी बढ़ाने में मददगार साबित हुआ। वे एक लेखक भी थे और किताबों के शौकीन थे। राहुल ने राज चक्रवर्ती की फिल्म 'चिरोदिनी तुमी जे आमार' से टॉलीवुड में डेब्यू किया था। सालों बाद भी उस फिल्म के गाने आज भी उतने ही पॉपुलर हैं। इस फिल्म में उनकी रियल लाइफ पत्नी प्रियंका सरकार थीं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 March 2026 10:41 PM IST











