भदोही में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, 50 लाख से ज्यादा की ठगी करने वाले पांच गिरफ्तार

भदोही में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, 50 लाख से ज्यादा की ठगी करने वाले पांच गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश की भदोही पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 50 लाख से ज्यादा की ठगी करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

लखनऊ, 7 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की भदोही पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 50 लाख से ज्यादा की ठगी करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

भदोही पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लाख रुपए से अधिक की ऑनलाइन ठगी से जुड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में चलाए गए 'साइबर वज्र अभियान' के तहत थाना भदोही और साइबर क्राइम थाना की संयुक्त टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

जांच में इनके नाम पर संचालित पांच म्यूल बैंक खातों से विभिन्न राज्यों की 18 एनसीआरपी शिकायतें जुड़ी मिलीं जबकि कर्नाटक और मध्य प्रदेश में भी इनके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए फर्जी निवेश, शेयर मार्केट और टास्क आधारित कमाई का झांसा देकर लोगों को एपीके फाइल, फर्जी लिंक और क्यूआर कोड भेजते थे।

ठगी की रकम पहले म्यूल खातों में मंगाई जाती, फिर एटीएम, यूपीआई और अन्य बैंकिंग माध्यमों से निकालकर अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दी जाती थी। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद इरफान, अमन, गुफरान, समीर अंसारी और सैदान अंसारी शामिल हैं। पुलिस ने सभी को न्यायालय भेज दिया है, जबकि इस गिरोह से जुड़े तीन अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि 'साइबर वज्र अभियान' के जरिए साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी के अंतर्गत शुक्रवार को भदोही जनपद के रहने वाले 5 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की पूछताछ में इन अपराधियों के अन्य लिंक का भी पता चला है, जिनको ये म्यूल अकाउंट्स साइबर फ्रॉड करने के लिए देते थे।

उन्होंने बताया कि इस मामले से संबंधित अन्य तीन वांछित अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसी के साथ उन्होंने आमजन से अनुरोध किया कि वे इस प्रकार के साइबर फ्रॉड में न फंसे। वहीं, पुलिस की ओर से मामले से संबंधित आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Aug 2026 8:34 PM IST

Tags

Next Story