भाजपा का 'हर घर तिरंगा' अभियान 10 अगस्त से, हर बूथ पर 50 परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य
लखनऊ, 1 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश में 10 से 15 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा' अभियान को बड़े जनसंपर्क अभियान के रूप में चलाने का फैसला किया है। पार्टी ने बूथ स्तर तक अभियान को पहुंचाने की रणनीति बनाते हुए कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर कम से कम 50 परिवारों को अभियान से जोड़ने का लक्ष्य दिया है। इसके साथ ही प्रदेशभर में तिरंगा यात्राएं, शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान, स्वच्छता अभियान तथा 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
लखनऊ के विश्वेश्वरैया सभागार में शनिवार को आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री अनिल के. एंटनी, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने अभियान की रूपरेखा तय की। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर भारद्वाज को अभियान का संयोजक तथा नीरज सिंह, अर्चना मिश्रा, अनिल यादव और रजनी पांडे को सह-संयोजक बनाया गया। राष्ट्रीय मंत्री अनिल. के. एंटनी ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ने का अभियान है।
उन्होंने कहा कि इस बार लक्ष्य पिछले वर्षों की तुलना में अधिक घरों तक पहुंचने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और स्वतंत्रता दिवस को समाज के व्यापक उत्सव के रूप में स्थापित करने का है। उन्होंने प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर अभियान की नियमित समीक्षा तथा समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि तिरंगा देश के स्वाभिमान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का प्रतीक है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि बूथ अध्यक्षों के नेतृत्व में प्रत्येक कार्यकर्ता कम से कम 50 परिवारों को अभियान से जोड़े और युवाओं तक पहुंचने के लिए सोशल मीडिया का प्रभावी इस्तेमाल करे। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिजनों से संपर्क कर उनका सम्मान भी किया जाएगा।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बताया कि 4 और 5 अगस्त को जिला तथा 6 अगस्त को मंडल स्तर की योजना बैठकें आयोजित होंगी। 10 से 12 अगस्त तक मंडलों और महानगरों के वार्डों में एक से दो किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी, जिनमें भाजपा युवा मोर्चा की प्रमुख भूमिका रहेगी। महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ भी अभियान में सक्रिय भागीदारी करेंगे।
उन्होंने कहा कि 12 से 14 अगस्त तक शहीद स्मारकों और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 13 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी, जबकि 13 से 15 अगस्त तक घर-घर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान युद्धवीरों, शहीदों के परिजनों और देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों का सम्मान भी किया जाएगा।
धर्मपाल सिंह ने बताया कि 14 अगस्त को 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' के अवसर पर सभी जिलों में मौन जुलूस और संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 'हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा' केवल संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है, जिसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
--आईएएनएस
विकेटी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 Aug 2026 8:39 PM IST












