भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी से घिरी भाजपा सरकार, जनता अब माफ नहीं करेगी अखिलेश यादव
लखनऊ, 1 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में विकास परियोजनाओं से लेकर सरकारी योजनाओं तक कमीशनखोरी हावी है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब भाजपा को माफ करने के मूड में नहीं है और उसका बढ़ता अहंकार ही उसकी सरकार के पतन का कारण बनेगा। अखिलेश यादव ने जारी बयान में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में हर विभाग भ्रष्टाचार से प्रभावित है।
उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं से लेकर जल जीवन मिशन तक में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं और कमीशनखोरी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि कहीं सड़कें टूट रही हैं तो कहीं पानी की टंकियां गिर रही हैं। सपा अध्यक्ष ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि लगभग 4,700 करोड़ रुपये की लागत से बनी परियोजना में उद्घाटन के कुछ ही समय बाद सड़क धंसने और डामर उखड़ने जैसी शिकायतें सामने आई हैं।
उन्होंने दावा किया कि बुंदेलखंड और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे में भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली थी। उन्होंने बटेश्वर कॉरिडोर के निर्माण कार्य में भी भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है। उनके मुताबिक, डिजाइन संबंधी खामियों और निर्माण गुणवत्ता को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को धमकियां दी जाती हैं।
एक अन्य बयान में अखिलेश यादव ने भाजपा पर चुनावी वादे पूरे न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब भाजपा के किसी भी दावे पर भरोसा करने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा जनता से माफी भी मांगे तो लोग उसे स्वीकार नहीं करेंगे, क्योंकि पार्टी ने अपने वादों पर अमल नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों पर माफी मांगने का दबाव बनाना और बयान बदलवाने की कोशिश भाजपा की पुरानी राजनीतिक शैली का हिस्सा है।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि ऐसी राजनीति से जनता में भाजपा के प्रति नाराजगी और आक्रोश बढ़ रहा है तथा अंततः भाजपा का अहंकार ही उसकी सरकार के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनेगा।
--आईएएनएस
विकेटी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 Aug 2026 8:59 PM IST












