भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को अपोलो अस्पताल में एडमिट कराया गया
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद शुक्रवार देर शाम अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है।
मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों के अनुसार, 98 वर्षीय आडवाणी को शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया। उन्हें पल्मोनरी (फेफड़ों से संबंधित) विभाग में भर्ती किया गया है और डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है।
अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ नेता का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।
98 वर्षीय आडवाणी को इससे पहले इस साल मई में उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे कुछ दिनों तक अस्पताल में रहे और फिर उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।
भाजपा के इस दिग्गज नेता ने तीन बार (1986-1990, 1993-1998 और 2004-2005) पार्टी अध्यक्ष के रूप में काम किया। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार में 1998 से 2004 तक केंद्रीय गृह मंत्री और 2002 से 2004 तक उप प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाई।
दिसंबर 2024 में, पूर्व उप प्रधानमंत्री को मेडिकल जांच और इलाज के लिए इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था। वे न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में थे। उस समय अस्पताल ने बताया था कि उनकी हालत स्थिर है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, 17 दिसंबर 2024 को अस्पताल ने बताया कि आडवाणी की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और उम्मीद है कि अगले एक-दो दिनों में उन्हें आईसीयू से बाहर शिफ्ट कर दिया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 Oct 2026 12:14 AM IST












