'कॉकरोच जनता पार्टी' का दावा- 'लहरा दो तिरंगा' अभियान सफल, संस्थापक अभिजीत दिपके हिरासत में

कॉकरोच जनता पार्टी का दावा- लहरा दो तिरंगा अभियान सफल, संस्थापक अभिजीत दिपके हिरासत में
'कॉकरोच जनता पार्टी' ने प्रेस रिलीज जारी कर अपने 'लहरा दो तिरंगा' अभियान को सफल बताया है। पार्टी के मुताबिक, 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में बड़ी संख्या में नागरिक एकत्रित हुए और राष्ट्रीय ध्वज लहराया।

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। 'कॉकरोच जनता पार्टी' ने प्रेस रिलीज जारी कर अपने 'लहरा दो तिरंगा' अभियान को सफल बताया है। पार्टी के मुताबिक, 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में बड़ी संख्या में नागरिक एकत्रित हुए और राष्ट्रीय ध्वज लहराया।

पार्टी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, "'कॉकरोच जनता पार्टी' का 'लहरा दो तिरंगा' अभियान कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में सफल रहा। अभिजीत दिपके को अवैध रूप से हिरासत में लिए जाने के बावजूद, बड़ी संख्या में नागरिक वहां एकत्रित हुए। कनॉट प्लेस में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और गर्व व साहस के साथ राष्ट्रीय ध्वज को ऊंचा लहराया।"

पार्टी ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उनके संस्थापक और राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दिपके को उनके आवास से उस समय हिरासत में ले लिया, जब वे कार्यक्रम स्थल पर जाने से पहले टहल रहे थे। प्रेस रिलीज में दावा किया गया है, "गिरफ्तारी के कई घंटे बीत जाने के बाद भी, पुलिस ने उनके परिवार और कानूनी टीम को यह नहीं बताया है कि वे अभी कहां हैं।"

पार्टी का कहना है, "आज का यह जमावड़ा इस बात का सबूत है कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' के नेताओं की गिरफ्तारी जनता को सड़कों पर उतरने से नहीं रोक सकती। लोग भारत निर्वाचन आयोग के कामकाज, नियुक्तियों और आचरण में सुधार की मांग कर रहे हैं।"

इसके साथ ही पार्टी ने आरोप लगाया है कि उसके पास वीडियो सबूत हैं, जिनमें तिरंगा लिए युवाओं, छात्रों और शांतिपूर्ण नागरिकों के साथ पुलिस का कठोर व्यवहार दिखाई दे रहा है। पार्टी ने तीन मांगें रखी हैं - अभिजीत दिपके के ठिकाने का खुलासा किया जाए, उन्हें तुरंत रिहा किया जाए, और चुनाव प्रणाली में सुधार किए जाएं।

इस बीच आइशा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को लेकर भी सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल हो रही है। नेहा बोरा के 'एक्स' हैंडल से पोस्ट में लिखा गया, "नेहा कहां है? दिल्ली पुलिस ने नेहा की रिहाई की मांग कर रहे वकीलों और नागरिक समाज के सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल से मिलने से इनकार कर दिया है। नेहा की रिहाई की मांग के लिए अभी बड़ी संख्या में संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचें! दिल्ली पुलिस नेहा को तुरंत रिहा करें!"

एक अन्य पोस्ट में लिखा गया, "उन्हें अपने वकीलों से मिलने भी नहीं दिया गया और काली खिड़कियों वाली कार में बिठाकर इतनी जल्दी में ले जाया गया, ऐसा क्यों? नेहा के गैर-कानूनी अपहरण को खत्म करें! नेहा को तुरंत रिहा करें!"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 Oct 2026 12:14 AM IST

Tags

Next Story