भक्ति में डूबीं अंजना सिंह, ओंकारेश्वर में लगाए भोलेनाथ के जयकारे
मुंबई, 17 अगस्त (आईएएनएस)। भोजपुरी अभिनेत्री अंजना सिंह हाल ही में ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर दर्शन के लिए गई हुई थीं। सोमवार को अभिनेत्री ने अपनी इस आध्यात्मिक यात्रा की झलक शेयर की।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किए, जिसमें वे नाव में बैठकर मंदिर में दर्शन करने जा रही हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि अभिनेत्री भोलेनाथ की भक्ति में लीन नजर आ रही हैं। साथ ही, अभिनेत्री को जयकारा लगाते हुए देखा जा रहा है।अंजना सिंह ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, "हर हर महादेव।"
ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग भगवान शिव के 12 पवित्र ज्योतिर्लिंगों में से चौथा है। यह मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में नर्मदा नदी के बीच 'मान्धाता' नामक द्वीप पर स्थित है। इस द्वीप का आकार हिन्दू पवित्र चिन्ह 'ऊं' जैसा है। यहां ओंकारेश्वर के साथ नदी के दूसरे तट पर स्थित ममलेश्वर (अमलेश्वर) मंदिर के दर्शन भी किए जाते हैं। इन दोनों को एक ही ज्योतिर्लिंग का स्वरूप माना जाता है।
ऐसी मान्यता है कि इस स्वयंभू शिवलिंग की स्थापना राजा मानधाता की तपस्या के बाद हुई थी। यहां की शयन आरती बहुत प्रसिद्ध है, जिसमें रोज रात को भगवान के विश्राम के लिए चौसर-पासे आदि सजाए जाते हैं। मान्यता है कि इक्ष्वाकू वंश के राजा मांधाता ने भी यहां तपस्या की थी, जिससे इस पर्वत का नाम मांधाता पर्वत भी पड़ा था।
अभिनेत्री अंजना सिंह की बात करें, तो जल्द ही उनकी देशभक्ति से जुड़ी भोजपुरी फिल्म 'शहीद की विधवा' रिलीज होगी। यह फिल्म पारंपरिक 'सास-बहू' वाले घिसे-पिटे विषयों से हटकर एक गंभीर और मजबूत महिला किरदार पर आधारित होगी। इसमें एक शहीद के परिवार और उसकी पत्नी के जीवन की वास्तविक चुनौतियों को दिखाया जाएगा।
प्रवीण गुडूरी द्वारा निर्देशित फिल्म का लेखन अरविंद तिवारी ने किया है जबकि इसके निर्माता संदीप सिंह और रामा प्रसाद हैं। इस फिल्म के जरिए अंजना का एक सशक्त महिला का किरदार देखने को मिलेगा। इसमें अंजना सिंह एक देश के लिए जान कुर्बान करने वाले सैनिक की पत्नी (शहीद की विधवा) के संघर्ष और उसकी भावनात्मक यात्रा को पर्दे पर दिखाएंगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 Aug 2026 12:46 PM IST












