भारत-अमेरिका ट्रेड डील किसानों के हित में हुआ तो स्वागत, राष्ट्रहित सर्वोपरि बीकेएस
गांधीनगर, 17 अगस्त (आईएएनएस)। भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर पंजाब और हरियाणा के किसान संघों के विरोध के बीच भारतीय किसान संघ (बीकेएस) ने संतुलित रुख अपनाया है। गुजरात से संघ के महासचिव रमेश पटेल ने कहा कि भारतीय किसान संघ के लिए हमेशा राष्ट्रहित सर्वोपरि रहा है और रहेगा।
रमेश पटेल ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "भारतीय किसान संघ के लिए हमेशा राष्ट्रहित सर्वोपरि रहा है। कल भी था, आज भी है और आने वाले दिनों में भी रहेगा। राष्ट्रहित की चौखट पर किसान का हित-यह भारतीय किसान संघ का स्लोगन है।"
उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है। ऐसे में संगठन बिना जानकारी के कोई कार्यक्रम नहीं देगा। किसान संघ जो भी कार्यक्रम देता है वो अपनी रीति-नीति के आधार पर देता है। जहां भी किसान का हित है, वहां किसान संघ है और जहां किसानों का अहित है, उसके सामने किसान संघ खड़ा रहता है।"
रमेश पटेल ने कहा कि भारतीय किसान संघ ने पहले ही सरकार को आगाह किया था, जिसके बाद ट्रेड डील पर चर्चा रुकी हुई है। अगर किसानों के हित में ये ट्रेड डील है तो किसान संघ उसका स्वागत करेगा। अब अगर यह डील किसानों के विरोध में रहेगी तो भारतीय किसान संघ अपने दम-खम के आधार पर उसका विरोध करेगा।"
पंजाब और हरियाणा के किसान संगठनों द्वारा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने के सवाल पर रमेश पटेल ने कहा, "हर संगठन की अलग रीति-नीति होती है। उनके आधार पर वह अपनी बात रख रहे हैं, वह उनकी सोच है। हमारी सोच तो राष्ट्रहित सर्वोपरि को मानते हुए किसानों का जो हित है वहां किसान संघ खड़ा है।"
रमेश पटेल ने कहा कि भारतीय किसान संघ देश का वफादार स्वयंसेवक है और कोई भी फैसला देश और किसान दोनों के हित को ध्यान में रखकर ही लेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 Aug 2026 5:21 PM IST












