भारत बनाम इंग्लैंड श्रेयस अय्यर लगातार छठे मैच में टॉस जीते, बतौर कप्तान कोहली की बराबरी

ब्रिस्टल, 9 जुलाई (आईएएनएस)। श्रेयस अय्यर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा टॉस जीतने वाले भारतीय कप्तानों की लिस्ट में संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। अय्यर ने लगातार छठे मुकाबले में टॉस अपने नाम है। इस मामले में वह विराट कोहली की बराबरी पर पहुंच गए हैं।
टी20 फॉर्मेट के नव नियुक्त कप्तान श्रेयस अय्यर ने आयरलैंड के दौरे पर पहली बार भारतीय टीम की कमान संभाली। दोनों ही मुकाबलों में अय्यर ने टॉस जीते, लेकिन टीम 34 रन और 1 रन के अंतर से मैच गंवा बैठी।
इसके बाद अय्यर ने इंग्लैंड के दौरे पर चेस्टर-ले-स्ट्रीट में टॉस जीता, लेकिन बारिश के चलते मैच बेनतीजा रहा। अगले मुकाबले में एक बार फिर अय्यर ने टॉस अपने नाम किया, लेकिन टीम इंडिया 4 विकेट से मुकाबला गंवा बैठी। ट्रेंट ब्रिज में खेले गए मैच में सिक्के का उछाल फिर से अय्यर के पक्ष में रहा, लेकिन भारत ने मैच 125 रन के बड़े अंतर से गंवा दिया।
अय्यर ने कप्तान के तौर पर भले ही सभी 6 टॉस जीते हैं, लेकिन अब तक टीम इंडिया को कोई जीत नहीं दिला सके हैं। अय्यर की कोशिश इस मैच जीतकर पांच मुकाबलों की सीरीज को 2-1 पर लाना होगा। भारत के पास अंतिम दोनों मैच जीतकर सीरीज 2-2 से बराबरी पर खत्म करने का मौका है।
बतौर भारतीय कप्तान लगातार सबसे ज्यादा टॉस जीतने के मामले में महेंद्र सिंह धोनी शीर्ष पर हैं, जिन्होंने मई 2010 से फरवरी 2012 के बीच लगातार 7 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में टॉस अपने नाम किया। वहीं, विराट कोहली (अगस्त 2019 से दिसंबर 2019) ने लगातार 6 टॉस जीते। रोहित शर्मा (फरवरी 2020 से फरवरी 2022) और महेंद्र सिंह धोनी (सितंबर 2007) 5-5 बार यह कारनामा कर चुके हैं।
गुरुवार को काउंटी ग्राउंड में जारी इस मुकाबले में भारतीय टीम से तेज गेंदबाज हर्षित राणा और दाएं हाथ के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को प्लेइंग इलेवन से बाहर किया गया है, जबकि इंग्लैंड के खेमे में लियाम डॉसन की जगह रेहान अहमद आए हैं।
भारतीय टीम श्रेयस अय्यर की कप्तानी में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ उतरी है।
वहीं, इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन में फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद और जोश टंग को शामिल किया गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 July 2026 10:25 PM IST












