भारत बनाम श्रीलंका सिर्फ 3 गेंदबाज, जिन्होंने एक ही टेस्ट मैच में चटकाए 11 विकेट
नई दिल्ली, 8 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट इतिहास में अब तक 46 मैच खेले गए हैं, जिसमें 4 ऐसे मुकाबले रहे, जिसमें एक ही गेंदबाज ने 11-11 विकेट अपने नाम किए। श्रीलंकाई दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधन ने यह कारनामा 2 बार किया है। आइए, सभी खिलाड़ियों के बारे में विस्तार से जानते हैं।
अनिल कुंबले: भारतीय स्पिनर ने जनवरी 1994 में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच में 11 विकेट हासिल किए थे। भारत ने अपनी पहली पारी में 511 रन बना लिए थे। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम पहली पारी में 218 रन पर सिमट गई। इस दौरान अनिल कुंबले ने 37 ओवरों में 69 रन देकर 4 विकेट निकाले।
लखनऊ में श्रीलंका को फॉलो-ऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा और यह टीम दूसरी पारी में 174 रन पर ढेर हो गई। इस पारी में कुंबले ने 27.3 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 59 रन देकर 7 विकेट हासिल किए। टीम इंडिया ने मुकाबला पारी और 119 रन से अपने नाम किया।
वेंकटपति राजू: फरवरी 1994 में खेले गए इस मुकाबले में भारत के पूर्व बाएं हाथ के स्पिनर ने पहली पारी में 23.5 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 38 रन देकर 5 विकेट निकाले। उनकी शानदार गेंदबाजी के दम पर श्रीलंकाई टीम सिर्फ 119 रन पर सिमट गई।
भारत ने अपनी पहली पारी में 358 रन बनाकर 239 रन की बढ़त हासिल कर ली। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम अगली पारी में 222 रन पर ढेर हो गई और भारत ने अहमदाबाद में इस मैच को पारी और 17 रन से अपने नाम किया। दूसरी पारी में वेंकटपति राजू ने 32.3 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 87 रन देकर 6 विकेट निकाले।
मुथैया मुरलीधरन: 29 अगस्त से 2 सितंबर 2001 के बीच खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम पहली पारी में सिर्फ 234 रन पर सिमट गई। श्रीलंकाई स्पिनर मुरलीधरन ने 34.1 ओवरों में 87 रन देकर 8 विकेट निकाले। इसके जवाब में श्रीलंका ने अपनी पहली पारी 610/6 के स्कोर पर घोषित की। मुरलीधरन ने अगली पारी में 46.5 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 109 रन देकर 3 विकेट निकाले और भारत 299 रन पर ऑलआउट हो गया। कोलंबो के मैदान पर इस मैच में श्रीलंका ने पारी और 77 रन से जीत हासिल की।
मुथैया मुरलीधरन: इस लिस्ट में एक बार फिर श्रीलंकाई स्पिनर का नाम है। जुलाई 2008 में खेले गए इस मैच में श्रीलंकाई टीम ने पहली पारी 600/6 के स्कोर पर घोषित की, जिसके जवाब में टीम इंडिया 223 रन पर ढेर हो गई। इस पारी में मुरलीधरन ने 29 ओवर गेंदबाजी करते हुए 84 रन देकर 5 विकेट निकाले।
भारत को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा। इस पारी में मुरलीधरन ने 13 ओवर फेंके, जिसमें 26 रन देकर 6 विकेट निकाले और टीम इंडिया 138 रन पर सिमट गई। कोलंबो में मेजबान श्रीलंका ने पारी और 239 रन से मुकाबला अपने नाम किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Aug 2026 9:46 PM IST












