भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की नौसेनाओं ने किए महत्वपूर्ण सैन्य अभ्यास

नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस सह्याद्रि ने जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की नौसेनाओं के साथ कई महत्वपूर्ण सैन्य अभ्यास किए हैं। इन अभ्यासों में समुद्री क्षेत्र की निगरानी, पनडुब्बी रोधी युद्धक अभियान और तोपों से फायरिंग शामिल रही। इसके अलावा चारों देशों की नौसेनाओं ने आपसी तालमेल और संयुक्त अभियान क्षमता को परखने के लिए कई गतिविधियां भी कीं। यह अभ्यास बहुराष्ट्रीय नेवल एक्सरसाइज ‘मालाबार-2026’ के समुद्री चरण में हिस्सा लेते हुए किया गया।
भारतीय नौसेना ने शुक्रवार को बताया कि आईएनएस सह्याद्रि ने मालाबार-2026 के समुद्री चरण में हिस्सा लिया। इस दौरान समुद्री क्षेत्र की निगरानी (मैरीटाइम डोमेन अवेयरनेस), पनडुब्बी रोधी युद्धक अभियान और फायरिंग जैसे परिचालन अभ्यास किए गए। इसके साथ ही जहाज पर चढ़कर तलाशी लेने और संदिग्ध गतिविधियों से निपटने का अभ्यास भी किया गया। समुद्री चरण के दौरान चारों देशों की नौसेनाओं ने आपसी संचालन क्षमता बढ़ाने से जुड़े अभ्यास भी किए। इनमें समुद्र में एक जहाज से दूसरे जहाज को रसद और जरूरी सामान पहुंचाने की प्रक्रिया, एक युद्धपोत से दूसरे युद्धपोत पर हेलीकॉप्टर उतारने और घायलों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास शामिल था।
इन अभ्यासों का उद्देश्य चारों देशों की नौसेनाओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना और संयुक्त रूप से समुद्री अभियानों को अंजाम देने की क्षमता बढ़ाना था। इनसे अलग-अलग नौसेनाओं के युद्धपोतों और उनके कर्मियों के बीच समन्वय तथा परिचालन प्रक्रियाओं को और मजबूत करने का अवसर मिला। भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की भागीदारी वाला मालाबार-2026 बहुपक्षीय नौसैनिक अभ्यास है। इसमें समुद्री सुरक्षा और आपसी सहयोग से जुड़े विभिन्न अभियानों के जरिए चारों देशों की नौसेनाएं अपनी क्षमताओं और अनुभवों को साझा कर रही हैं।
चारों देशों की नौसेनाओं ने इस अभ्यास के दौरान समुद्र में आपसी तालमेल, युद्धक संचालन की क्षमता और साझा रणनीतियों को और मजबूत किया। जापान पहुंचने पर आईएनएस सह्याद्रि का जापान की समुद्री आत्मरक्षा बल ने गर्मजोशी से स्वागत किया था। योकोसुका जिले के कमांडेंट वाइस एडमिरल यागी कोजी और भारतीय मिशन के उप प्रमुख आर. मधु सुदन भी मौजूद रहे थे। ‘मालाबार 2026’ के तहत अभ्यास दो चरणों में आयोजित किया गया है।
पहले चरण में बंदरगाह पर पेशेवर बातचीत, आपसी अनुभवों का आदान-प्रदान और संयुक्त अभियानों की योजना बनाने जैसी गतिविधियां हुई। इसके बाद समुद्री चरण शुरू हुआ। समुद्री चरण बेहद महत्वपूर्ण रहा। समुद्र में होने वाली गतिविधियों के दौरान चारों देशों की नौसेनाओं को एक-दूसरे के संचालन के तरीकों को समझने और संयुक्त रूप से काम करने की क्षमता बढ़ाने का अवसर मिला। इसका उद्देश्य आपसी विश्वास मजबूत करना, सैन्य तालमेल बेहतर बनाना और क्षेत्रीय समुद्री सहयोग को आगे बढ़ाना था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
