खुलासा: डागा अस्पताल में मां की देखभाल करने आई किशोरी से रेप, रेलवे स्टेशन पर अकेली दिखी तो पूछताछ में हुआ खुलासा

डागा अस्पताल में मां की देखभाल करने आई किशोरी से रेप, रेलवे स्टेशन पर अकेली दिखी तो पूछताछ में हुआ खुलासा
  • भोजन कराने का झांसा देकर मां का प्रेमी किशोरी को लॉज और अपने घर ले गया
  • कॉटन मार्केट क्षेत्र में 8 और 9 तारीख को वारदात को दिया अंजाम
  • रेलवे स्टेशन पर अकेली मिली किशोरी से पूछताछ में हुआ घटना का खुलासा
  • प्रसूति के लिए मां को डागा अस्पताल भर्ती कराया गया था

डिजिटल डेस्क, नागपुर. डागा अस्पताल में भर्ती मां की देखभाल के लिए आई 14 वर्षीय किशोरी दुष्कर्म का शिकार हो गई। मां के प्रेमी ने ही भोजन कराने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। रेलवे पुलिस से मिली शिकायत के आधार पर गणेशपेठ थाने में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पीड़िता के पिता मध्य प्रदेश में रहते हैं, जबकि उसकी मां नागपुर में रहती है। माता-पिता के बीच अनबन होने के कारण किशोरी अपनी मां के साथ रहती है। प्रसूति के लिए मां को डागा अस्पताल भर्ती कराया गया था। ऐसे में किशोरी उसकी देखभाल के लिए अस्पताल आई हुई थी।

इसी दौरान अस्पताल में उसे मां का प्रेमी मिला। आरोपी भोजन कराने का झांसा देकर किशोरी को कॉटन मार्केट स्थित एक लॉज और फिर अपने घर ले गया। वहां 8 और 9 तारीख को उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। इस घटना से आहत किशोरी ट्रेन से अपने पिता के गांव जाने के लिए निकल पड़ी।

रेलवे स्टेशन पर अकेली भटकती हुई किशोरी को देखकर रेलवे पुलिस ने उससे पूछताछ की। इस दौरान पूरे मामले का खुलासा हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। घटनास्थल कॉटन मार्केट क्षेत्र में होने के कारण मामले की जांच गणेशपेठ पुलिस को सौंप दी गई है। घटना के बाद से फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

Created On :  

Tags

Next Story