कार्रवाई: मनपा ने जर्जर मकान को ढहाया, इतवारी में चला बुलडोजर, फुटपाथों को कराया अतिक्रमणमुक्त

मनपा ने जर्जर मकान को ढहाया, इतवारी में चला बुलडोजर, फुटपाथों को कराया अतिक्रमणमुक्त
  • सराफा बाजार में खतरनाक इमारत को पोकलेन से किया जमींदोज
  • अतिक्रमण निर्मूलन कार्रवाई में 2 ट्रक सामग्री जब्त
  • सीताबर्डी और महाल में भी फुटपाथों को कराया अतिक्रमणमुक्त

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महानगरपालिका के प्रवर्तन विभाग के केंद्रीय पथक और गांधीबाग जोन के दस्ते ने गुरुवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए इतवारी के सराफा बाजार क्षेत्र में एक जर्जर और खतरनाक मकान को ढहा दिया। महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम, 2012 की धारा 264 के तहत की गई इस कार्रवाई में करीब 37 वर्ग मीटर क्षेत्र में बने मकान को पोकलेन की मदद से पूरी तरह जमींदोज किया गया। इसके साथ ही इतवारी परिसर में अतिक्रमण निर्मूलन अभियान चलाकर सड़क के दोनों ओर किए गए अवैध कब्जे हटाए गए। कार्रवाई के दौरान करीब 2 ट्रक सामग्री जब्त की गई।

संकरी गलियों में खतरा बनी थी जर्जर इमारत

मनपा के अनुसार, इतवारी स्थित साईबाबा बेकरी के सामने सराफा बाजार के गंगा स्मृति परिसर में मकान मालिक नरेंद्र कर्णेवार का यह मकान था। इसमें किरायेदार इंदिरा प्रल्हाद कुमार और राजेश प्रल्हाद कुमार रहते थे। इमारत की हालत बेहद जर्जर और खतरनाक हो चुकी थी। इसके चलते 30 सितंबर को जोन कार्यालय की ओर से मकान मालिक को धारा 264 के तहत नोटिस जारी किया गया था। घनी आबादी और संकरी गलियों के कारण इस इमारत से आसपास के लोगों की सुरक्षा को भी खतरा था। गुरुवार को मनपा के दस्ते ने पोकलेन की सहायता से करीब 37 वर्ग मीटर के निर्माण को पूरी तरह ढहा दिया।

इतवारी में दोनों ओर के अतिक्रमण हटाए

जर्जर मकान ढहाने के बाद दस्ते ने सराफा बाजार और इतवारी परिसर में अतिक्रमण निर्मूलन अभियान चलाया। सड़क के दोनों ओर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई में प्लास्टिक टेबल, फोटो फ्रेम सहित करीब 2 ट्रक सामग्री जब्त की गई।

सीताबर्डी और महाल में भी कार्रवाई

मनपा का अतिक्रमण निर्मूलन अभियान शहर के अन्य प्रमुख बाजार क्षेत्रों में भी जारी रहा। सीताबर्डी मेन रोड पर दो दस्तों ने कार्रवाई करते हुए वेरायटी चौक से मल्टीलेवल पार्किंग प्लाजा तक सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण हटाए। वहीं, महाल क्षेत्र में महाल चौक से बड़कस चौक, गडकरी वाड़ा और कल्याणेश्वर मंदिर परिसर तक दोनों ओर के अवैध कब्जों को हटाकर फुटपाथ अतिक्रमणमुक्त कराए गए।

यह कार्रवाई प्रवर्तन विभाग के सहायक आयुक्त संजय कांबले और गांधीबाग जोन के सहायक आयुक्त अंकित धोपट के मार्गदर्शन में की गई। मनपा के इस अभियान से प्रमुख बाजार क्षेत्रों में रास्तों और फुटपाथों को खाली कराने की कार्रवाई को गति मिली है।

Created On :  

Tags

Next Story