सुरक्षा जांच: नागपुर मनपा को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला, आईबी के अधिकारियों ने मुख्यालय पहुंचकर की जांच

नागपुर मनपा को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला, आईबी के अधिकारियों ने मुख्यालय पहुंचकर की जांच
  • मामले में सदर थाने में शिकायत दर्ज
  • बीएनएस की धारा 351 (4) के तहत अदखलपात्र मामला दर्ज
  • आईबी के अधिकारियों ने मनपा मुख्यालय पहुंचकर की जांच
  • सहायक आयुक्त श्याम कापसे ने दर्ज कराई शिकायत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महानगरपालिका के सामान्य प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त श्याम कापसे ने गुरुवार को ई-मेल के जरिए मिली धमकी के मामले में सदर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। मनपा के अतिरिक्त आयुक्त एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख मिलिंद मेश्राम के निर्देश पर यह शिकायत दर्ज कराई गई। सदर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351 (4) के तहत अदखलपात्र मामला दर्ज किया है।

उल्लेखनीय है कि महानगरपालिका प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर आयुक्त के नाम से दर्ज ई-मेल आईडी पर गुरुवार को धमकी भरा संदेश भेजा गया था। आईटी विभाग प्रमुख मिलिंद मेश्राम ने इस ई-मेल की जानकारी आयुक्त डॉ. विपिन के साथ ही पुलिस आयुक्तालय को भेजी थी। इसके बाद पुलिस ने मनपा मुख्यालय के कोने-कोने में सुरक्षा जांच की। श्वान दस्ते की मदद से भी परिसर का निरीक्षण किया गया।

मनपा मुख्यालय की नई इमारत के सभी हिस्सों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इतना ही नहीं, सभी विभागों के भीतर भी कैमरों से निगरानी की जाती है। ऐसे में किसी संदिग्ध वस्तु के रखे जाने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा जांच की गई।

आईबी के अधिकारी पहुंचे मनपा

शुक्रवार को इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के अधिकारियों का दल भी मनपा मुख्यालय पहुंचा और पूरे मामले का जायजा लिया। अधिकारियों ने आईटी विभाग के साथ ही कमांड एंड कंट्रोल रूम की व्यवस्था की जानकारी ली। 'स्टीव स्मिथ' नाम से भेजे गए ई-मेल के संबंध में तकनीकी जानकारी भी जुटाई गई। मनपा की आधिकारिक वेबसाइट पर दर्ज ई-मेल आईडी को खोलने और उसकी निगरानी की व्यवस्था सहित अन्य तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की गई।

Created On :  

Tags

Next Story