समारोह: सरसंघचालक भागवत ने कहा - मानवीयता का स्वाभाविक रूप है सेवा, डॉ. पैठणकर को मिला स्व. माणिकलाल गांधी विदर्भ गौरव पुरस्कार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि दुनिया का दुख दूर करने का प्रयास ही सच्ची मानवता है और सेवा मानवता की स्वाभाविक अभिव्यक्ति है। डॉक्टर बनने के लिए केवल चिकित्सा शिक्षा हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और सेवाभाव भी जरूरी है। चिकित्सकों को केवल आजीविका के लिए नहीं, बल्कि समाज की सेवा के उद्देश्य से काम करना चाहिए। डॉ. भागवत शुक्रवार को कृषि विकास प्रतिष्ठान की ओर से स्व. माणिकलाल गांधी की स्मृति में प्रदान किए जाने वाले 'विदर्भ गौरव पुरस्कार' समारोह में बोल रहे थे। इस वर्ष यह सम्मान संयुक्त अरब अमीरात में चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे डॉ. संजय पैठणकर को प्रदान किया गया। डॉ. भागवत के हाथों उन्हें सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने की। प्रमुख अतिथि के रूप में कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस, कराड के प्रमुख सलाहकार डॉ. वेदप्रकाश मिश्रा उपस्थित थे। कृषि विकास प्रतिष्ठान के अध्यक्ष डॉ. गिरीश गांधी, प्रा. अरुण वानखेड़े और श्रीराम काले भी मंच पर मौजूद थे।
भारतीय डॉक्टरों ने दुनिया में बढ़ाया देश का मान - गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने कहा कि भारतीय डॉक्टरों ने प्रतिभा और सेवाभाव से पूरी दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाया है। नागपुर के मेडिकल कॉलेज ने दुनिया को कई उत्कृष्ट चिकित्सक दिए हैं। डॉ. संजय पैठणकर भी उन्हीं में से एक हैं।
डॉ. वेदप्रकाश मिश्रा ने डॉ. पैठणकर को चिकित्सा क्षेत्र में भारत का राजदूत बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।
प्रस्तावना डॉ. गिरीश गांधी ने रखी। संचालन शुभदा फडणवीस ने किया, आभार प्रदर्शन श्रीराम काले ने माना।
Created On :  
