मातम में बदलीं खुशियां: भाईदूज पर बहन कर रही थी तिलक लगाने की तैयारी, भाई ने लगाई फांसी

भाईदूज पर बहन कर रही थी तिलक लगाने की तैयारी, भाई ने लगाई फांसी
  • काफी देर तक नीचे नहीं आने पर चाची ने देखा, तब हुआ घटना का खुलासा
  • कपड़े बदलने का कहकर ऊपरी मंजिल के कमरे में गया था युवक
  • काफी देर तक नीचे नहीं आया तो हुआ खुलासा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भाईदूज के त्योहार पर एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। कलमना पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है।

नवकन्या नगर निवासी अनिकेत वानखेड़े (22) शराब का आदी था। उसके पिता राजेश ई-रिक्शा चालक हैं, जबकि मां एक कंपनी में काम करती हैं। अनिकेत की एक बहन है, जो भाईदूज पर उसे तिलक लगाने की तैयारी कर रही थी। पिता और चाचा को तिलक लगाने के लिए बुआ सहित अन्य रिश्तेदार भी घर आए हुए थे।

इसी दौरान बहन ने अनिकेत से कहा कि सभी के साथ उसे भी तिलक लगाना है, इसलिए वह भी तैयारी कर ले। उस समय अनिकेत नशे में था। उसने कपड़े बदलकर आने की बात कही और ऊपरी मंजिल पर स्थित कमरे में चला गया। वहां उसने सीलिंग फैन से रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

काफी देर तक नीचे नहीं आया तो हुआ खुलासा

काफी देर तक अनिकेत नीचे नहीं लौटा तो उसकी चाची सपना उसे देखने के लिए कमरे में गईं। वहां अनिकेत फंदे पर लटका मिला। इसके बाद घटना का खुलासा हुआ। आत्महत्या के पीछे का सटीक कारण अभी सामने नहीं आया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार रात को कलमना थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया।

Created On :  

Tags

Next Story