भारत के खिलाफ सबसे तेज वनडे शतक, रहमानुल्लाह गुरबाज बने 'नंबर-1' अफगानी
धर्मशाला, 13 जून (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने भारत के खिलाफ हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में जारी पहले वनडे मैच में शतक लगाया। यह गुरबाज का 9वां वनडे शतक रहा, जिसे उन्होंने सिर्फ 48 गेंदों में पूरा किया।
इसी के साथ गुरबाज ने मोहम्मद शहजाद (बनाम स्कॉटलैंड, साल 2010) और करीम सादिक (बनाम नीदरलैंड, साल 2012) के रिकॉर्ड को तोड़ दिया, जिन्होंने 72-72 गेंदों में शतक लगाया था। नवरोज मंगल (बनाम स्कॉटलैंड, साल 2013) और मोहम्मद शहजाद (बनाम आयरलैंड, साल 2019) इस लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे पायदान पर हैं।
यह वैश्विक स्तर पर भारत के खिलाफ किसी खिलाड़ी का दूसरा सबसे तेज वनडे शतक है। इस लिस्ट में पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी शीर्ष पर हैं, जिन्होंने साल 2005 में भारत के विरुद्ध कानपुर में महज 45 गेंदों पर शतक लगाया था। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के जेम्स फॉकनर (साल 2013), साउथ अफ्रीका के एबी डिविलियर्स (साल 2015) और न्यूजीलैंड के माइकल ब्रेसवेल (साल 2023) 57-57 गेंदों के साथ लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे पायदान पर हैं।
गुरबाज अफगानिस्तान के लिए सर्वाधिक वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके बाद इब्राहिम जादरान और मोहम्मद शहजाद इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने 6-6 शतकीय पारियां खेली हैं।
इस मैच के दौरान गुरबाज ने 25 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो अफगानिस्तान की तरफ से वनडे फॉर्मेट में किसी बल्लेबाज का दूसरा सबसे तेज पचासा रहा। इस लिस्ट में मोहम्मद नबी शीर्ष पर हैं, जिन्होंने साल 2023 में श्रीलंका के विरुद्ध 24 गेंदों में वनडे अर्धशतक पूरा किया था।
साल 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ 26 गेंदों में अर्धशतक लगाने के बाद मुजीब उर रहमान लिस्ट में तीसरे पायदान पर हैं, जबकि चौथे स्थान पर मौजूद राशिद खान ने साल 2021 में आयरलैंड के विरुद्ध 27 गेंदों में यह कारनामा किया था। साल 2014 में मोहम्मद नबी (बनाम जिम्बाब्वे) और साल 2017 में शफीकुल्लाह शिनवारी (बनाम आयरलैंड) 28-28 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर चुके हैं।
शनिवार को भारत-अफगानिस्तान के बीच खेला जा रहा यह मैच बारिश के चलते 5 बजकर 45 मिनट पर शुरू हुआ। मुकाबले में 25-25 ओवरों की कटौती की गई है। टीम इंडिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Jun 2026 7:53 PM IST












