भारत के लिए होर्मुज स्ट्रेट खुलना देश की कूटनीतिक जीत मनोज तिवारी
पटना, 28 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने अंतरराष्ट्रीय हालात और देश की ऊर्जा सुरक्षा को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते भारत के लिए खुले हुए हैं, जो देश के लिए एक बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि है।
उन्होंने पटना में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि फिलहाल केवल पांच देशों को इस मार्ग से आवाजाही की अनुमति है और भारत उनमें शामिल है। भाजपा सांसद ने इसे भारत की मजबूत विदेश नीति और शांति के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।
मनोज तिवारी ने आम लोगों को राहत देते हुए यह भी आश्वासन दिया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें न बढ़ें, इसके लिए सरकार जरूरी व्यवस्था कर रही है। उन्होंने संकेत दिया कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद सरकार आम जनता पर बोझ नहीं बढ़ने देगी।
वहीं, उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा दिए बयान को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा एक बहुत अच्छे मुख्यमंत्री हैं, लेकिन राज्य में जो असामाजिक तत्व हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
दरअसल, शुक्रवार को हिमंता बिस्वा सरमा ने एक चुनावी रैली के दौरान तीखा बयान दिया था। उन्होंने कहा कि अगर अगले महीने होने वाले असम विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन फिर से सत्ता में आता है, तो उनकी सरकार राज्य में बांग्लादेशी 'मिया' समुदाय की कमर तोड़ देगी।
गौरतलब है कि असम में इस बार विधानसभा चुनाव एक ही चरण में कराया जाएगा। इसके लिए 9 अप्रैल को मतदान होगा जबकि 4 मई को वोटों की गिनती के साथ ही चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
मनोज तिवारी वर्तमान में उत्तर पूर्वी दिल्ली से लोकसभा सांसद हैं। ये दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मनोज तिवारी ने अपने करियर की शुरुआत बतौर भोजपुरी कलाकार के रूप में की थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 March 2026 10:12 AM IST












