भारत-वियतनाम ने सैन्य इंजीनियरिंग के क्षेत्र में साझा किए अनुभव

भारत-वियतनाम ने सैन्य इंजीनियरिंग के क्षेत्र में साझा किए अनुभव
पीपुल्स आर्मी का प्रतिनिधिमंडल भारतीय सैन्य अधिकारियों से मिला और सेना के इंजीनियरिंग कॉलेज का दौरा किया। इस दौरान भारत और वियतनाम के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए गए।

नई दिल्ली, 6 नवंबर (आईएएनएस) वियतनाम की पीपुल्स आर्मी के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने भारत का दौरा किया है। पीपुल्स आर्मी का प्रतिनिधिमंडल भारतीय सैन्य अधिकारियों से मिला और सेना के इंजीनियरिंग कॉलेज का दौरा किया। इस दौरान भारत और वियतनाम के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए गए।

दोनों देशों के सैन्य विशेषज्ञों ने यहां युद्धक इंजीनियरिंग, विस्फोटक उपकरणों से निपटने और आपदा राहत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने अनुभव और विशेषज्ञता साझा की।

दरअसल वियतनाम की पीपुल्स आर्मी का यह दौरा सैन्य विशेषज्ञों के बीच विषय आधारित आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया था। इसका उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं के बीच सैन्य इंजीनियरिंग क्षेत्र में तकनीकी जानकारी और कार्य अनुभव साझा करना था। साथ ही इस दौरान दोनों देशों के अधिकारियों ने एक-दूसरे की क्षमताओं को बेहतर ढंग से समझना का प्रयास किया।

वियतनाम की पीपुल्स आर्मी के अधिकारियों ने युद्धक इंजीनियरिंग पर विशेष ध्यान दिया। इसमें सैन्य अभियानों के दौरान इंजीनियरिंग सहायता, बाधाओं से निपटने और अभियान को सफल बनाने में सैन्य इंजीनियरों की भूमिका जैसे विषय शामिल रहे। इसके अलावा, तात्कालिक विस्फोटक उपकरणों (आईईडी) से निपटने और उन्हें निष्क्रिय करने से जुड़ी तकनीकों पर भी विशेषज्ञों ने विचारों का आदान-प्रदान किया।

संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में इंजीनियरिंग सहायता और मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभियानों से जुड़े अनुभव भी साझा किए गए। दोनों देशों के प्रतिनिधियों को अपनी-अपनी सेनाओं में अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली और विशेषज्ञता को समझने का अवसर मिला। सैन्य इंजीनियरिंग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में यह सहयोग भविष्य में दोनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय और आपसी समझ विकसित करने में सहायक होगा।

रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह दौरा भारत और वियतनाम के बीच बढ़ते रक्षा संबंधों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे दोनों देशों की सेनाओं के बीच पेशेवर संबंध मजबूत हुए हैं और सैन्य सहयोग को आगे बढ़ाने की साझा प्रतिबद्धता को बल मिला है।

गौरतलब है कि बीते दिनों भारत के रक्षा सचिव व वियतनाम के राष्ट्रीय रक्षा उपमंत्री के बीच नई दिल्ली में एक महत्वपूर्ण मुलाकात हुई थी। भारत के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने वियतनाम के राष्ट्रीय रक्षा उपमंत्री वरिष्ठ लेफ्टिनेंट जनरल गुयेन त्रुओंग थांग से मुलाकात की थी। बैठक में दोनों देशों के बीच मित्रता को और मजबूत करने तथा व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story