भारतीय सिनेमा जानकारियों का एक अथाह सागर है एसएमएम. औसाजा

भारतीय सिनेमा जानकारियों का एक अथाह सागर है  एसएमएम. औसाजा
भारतीय सिनेमा सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि, देश की संस्कृति और बदलती परिस्थितियों का एक जीवंत दस्तावेज है। अक्सर निर्देशक पुरानी और दबी हुई कहानियों को पर्दे पर उतारकर युवाओं को अपने गौरवशाली अतीत से रूबरू करवाते रहते हैं। हालांकि, बीच-बीच में मौलिक पटकथा के बजाय बाहरी और विदेशी फिल्मों से प्रेरित कहानियों का चलन भी मिलता है।

मुंबई, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय सिनेमा सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि, देश की संस्कृति और बदलती परिस्थितियों का एक जीवंत दस्तावेज है। अक्सर निर्देशक पुरानी और दबी हुई कहानियों को पर्दे पर उतारकर युवाओं को अपने गौरवशाली अतीत से रूबरू करवाते रहते हैं। हालांकि, बीच-बीच में मौलिक पटकथा के बजाय बाहरी और विदेशी फिल्मों से प्रेरित कहानियों का चलन भी मिलता है।

अभिनेत्री पूजा भट्ट के पॉडकास्ट पर इस बढ़ते प्रभाव पर प्रसिद्ध फिल्म इतिहासकार और लेखक एस.एम.एम. औसाजा ने गहरी चिंता व्यक्त की। उनका मानना है कि युवा निर्देशकों को फिल्म बनाने के लिए पश्चिम की ओर जाने के बजाय अपने गौरवशाली इतिहास के पन्ने पलटने चाहिए, क्योंकि पुराने सिनेमा का अध्ययन न केवल एक मौलिक पटकथा लिखने में मदद करेगा, बल्कि भारतीय मूल्यों और संदेशों को भी मजबूती देगा।

गुरुवार को अभिनेत्री ने एस.एम.एम. औसाजा का एक क्लिप इंस्टाग्राम स्टोरीज पर शेयर किया। इसमें उन्होंने युवा फिल्मकारों को अपनी जड़ों की ओर लौटने की सलाह दी। पूजा भट्ट ने उनसे पूछा कि वे उन निर्देशकों से क्या कहेंगे जो पुराने रिकॉर्ड्स और इतिहास की अहमियत नहीं समझते?

इस सवाल का जवाब देते हुए लेखक ने दुख जाहिर किया। लेखक का कहना है केवल हॉलीवुड से प्रेरणा लेना पर्याप्त नहीं है क्योंकि वहां की भाषा और संस्कृति हमारी मिट्टी से अलग है।

उन्होंने कहा, "भारतीय सिनेमा जानकारियों का एक अथाह सागर है। भारतीय सिनेमा के पुराने दौर में महिलाओं के अधिकार, ऐतिहासिक संदर्भ, कविता और साहित्य की जो बारीकियां है, वे कहीं और उपलब्ध नहीं है। 1930 के दशक से लेकर अब तक का सिनेमा सिर्फ फिल्में नहीं बल्कि, भारत के सामाजिक और राजनीतिक बदलावों का रिकॉर्ड है।"

औसाजा ने सवाल उठाते हुए कहा कि आज के निर्देशकों को यह समझना होगा कि पंडित नेहरू या इंदिरा गांधी के दौर में किस तरह का सिनेमा और फिल्में बना करती थीं। उन्होंने कहा, "उन्हें जानना होगा कि क्या उस समय सरकारी एजेंडे पर फिल्में बनती थीं या सरकार विरोधी फिल्मों को भी जगह मिलती थी? अगर कोई फिल्म निर्माता अपने देश के सिनेमाई इतिहास को नहीं देख रहा, तो वह सही मायनों में भारतीय मूल्यों को नहीं समझ पाएगा।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 April 2026 7:10 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story