भारतीय टीम ने वर्ल्ड एथलेटिक्स रिले के लिए किया क्वालीफाई
चंडीगढ़, 28 मार्च (आईएएनएस)। शनिवार को पहले इंटरनेशनल इनविटेशनल रिले और तीसरे नेशनल ओपन रिले प्रतियोगिता 2026 में पुरुषों की 4x400 और मिक्स्ड टीम 4x100 रिले स्पर्धाओं में भारत की बी टीम ने रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया। दमदार प्रदर्शन के बूते भारतीय रिले टीमों ने इस मई में बोत्सवाना के गैबोरोन में होने वाले वर्ल्ड एथलेटिक्स रिले के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
प्रतियोगिता में इंडिया बी टीम ने 4x100 मीटर मिक्स्ड रिले में 42.30 सेकंड का समय निकालते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया और नया रिकॉर्ड भी बनाया। इस प्रदर्शन के साथ टीम ने पहले के 43.44 सेकंड के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। वहीं, भारत ए टीम ने 42.34 सेकंड के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता। दोनों टीमों का प्रदर्शन इतना शानदार रहा कि उन्होंने आसानी से अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की कर ली।
भारत ए टीम ने सीनियर मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले में भी दमदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को हराया और 3:18.90 सेकंड के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता। इस दौरान भारतीय एथलीटों ने बैटन एक्सचेंज में बेहतरीन तालमेल दिखाया, जो उनकी जीत का अहम कारण बना। प्रतियोगिता में भारत के अलावा नेपाल, मालदीव, भूटान, और श्रीलंका की टीमों ने भी हिस्सा लिया। भारतीय टीम के खिलाड़ियों में गुरिंदरवीर सिंह और तमिलारासु जैसे धावकों ने शानदार प्रदर्शन किया और टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए पूरे आयोजन को जोशपूर्ण बनाया।
भारत की 4x100m मिक्स्ड रिले टीम ने 42.30 सेकंड का समय निकालकर नेशनल ओपन रिले 2026 में एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। लालू प्रसाद, उन्नति, हरिता और जयराम की चौकड़ी ने बैटन का आदान-प्रदान बेहद कुशलता से किया और जबरदस्त रफ्तार दिखाते हुए एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
जूनियर वर्ग में भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। तमिलनाडु की अंडर-20 महिला टीम ने 4x100 मीटर रिले में 48.38 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, चंडीगढ़ की टीम ने अंडर-20 मिक्स्ड 4x100 मीटर रिले में 45.44 सेकंड के साथ गोल्ड मेडल जीता।
एथलेटिक्स फेडरेशन के अनुसार, बोत्सवाना में होने वाली इस प्रतियोगिता में कुल छह रिले स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें 4x100 मीटर और 4x400 मीटर पुरुष एवं महिला वर्ग के अलावा मिक्स्ड रिले भी शामिल हैं। क्वालिफिकेशन प्रक्रिया 1 जनवरी 2025 से शुरू होकर 5 अप्रैल 2026 तक चलेगी, जिसमें विश्व रैंकिंग में शीर्ष 24 टीमें ही हिस्सा ले सकेंगी। चीफ नेशनल कोच राधाकृष्णन नायर ने उम्मीद जताई है कि अन्य भारतीय रिले टीमें भी निर्धारित समय हासिल कर इस प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लेंगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 March 2026 3:51 PM IST












