भारतीय नौसेना का पोत ‘कुलिश’ सिंगापुर पहुंचा, समुद्री सहयोग को करेगा मजबूत
नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और सिंगापुर के ऐतिहासिक संबंधों को सम्मान देने के लिए भारतीय नौसेना का पोत ‘आईएनएस कुलिश’ सिंगापुर पहुंचा है। यहां भारतीय जहाज व नौसैनिक सिंगापुर स्थित क्रांजी युद्ध स्मारक पहुंचेगे। पोत के कमांडिंग ऑफिसर यहां अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इससे पहले ‘आईएनएस कुलिश’ 6 अक्टूबर को पूर्वी बेड़े की ऑपरेशनल तैनाती के तहत सिंगापुर के तुआस टर्मिनल पहुंच चुका है। नौसेना के मुताबिक सिंगापुर में पोत का यह पड़ाव दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
यात्रा के दौरान आईएनएस कुलिश के कमांडिंग ऑफिसर सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त से भी मुलाकात करेंगे। क्रांजी युद्ध स्मारक की यात्रा इस दौरे का विशेष आकर्षण होगी। यहां श्रद्धांजलि अर्पित कर भारतीय नौसेना दोनों देशों के साझा इतिहास और उन ऐतिहासिक संबंधों को सम्मान देगी, जिनकी विरासत आज भी भारत-सिंगापुर संबंधों में दिखाई देती है।
‘आईएनएस कुलिश’ की सिंगापुर यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच समुद्री क्षेत्र में संपर्क और सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा। यह यात्रा क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और सहयोग को मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करती है। भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े की परिचालन तैनाती के तहत यह दौरा एक सुरक्षित, स्थिर और समावेशी समुद्री क्षेत्र के लिए क्षेत्रीय देशों के साथ सहयोग बढ़ाने के भारत के प्रयासों का हिस्सा है। इससे भारत और सिंगापुर के बीच समुद्री साझेदारी को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इससे पहले, समुद्र में आपसी तालमेल और सहयोग को नई मजबूती देने के लिए भारत और आसियान देशों की नौसेनाएं एक साथ उतरी थीं। इस पहल के तहत फिलीपींस के सुबिक बे में दूसरे आसियान-भारत समुद्री अभ्यास एआईएमई-2026 की शुरुआत की गई थी। यहां भी भारतीय नौसेना का ‘आईएनएस कुलिश’ इस अभियान का हिस्सा बना था।
वहीं, बीते दिनों भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े के युद्धपोत आईएनएस उदयगिरि, आईएनएस शक्ति और आईएनएस कवरत्ती ने क्षेत्र में सिंगापुर की सफल बंदरगाह यात्रा पूरी की थी। ये भारतीय नौसैनिक जहाज अपनी परिचालन तैनाती के तहत सिंगापुर पहुंचे थे। इस यात्रा ने भारत और सिंगापुर के बीच मजबूत समुद्री साझेदारी तथा क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग को और सुदृढ़ किया।
सिंगापुर प्रवास के दौरान भारतीय नौसेना और रिपब्लिक ऑफ सिंगापुर नेवी के बीच अनेक पेशेवर गतिविधियां भी आयोजित की गई थीं। इनमें दोनों देशों के नौसैनिकों द्वारा क्रॉस-डेक विजिट शामिल रहा। इसके माध्यम से ऑपरेशनल प्रक्रियाओं की समझ बढ़ाने, आपसी समन्वय को मजबूत करने तथा संयुक्त अभियानों में बेहतर तालमेल स्थापित करने पर जोर दिया गया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Oct 2026 8:13 PM IST












